सोनभद्र के विकास को मिलेगी नई रफ्तार, NH-39 का होगा फोरलेन चौड़ीकरण

मध्य प्रदेश बॉर्डर से अनपरा, रेणुकूट, हाथीनाला, दुद्धी होते हुए विंढमगंज तक लगभग 91 किलोमीटर सड़क का होगा चौड़ीकरण

अनपरा एवं रेणुकूट के नागरिकों को जाम और आवागमन की समस्या से मिलेगी बड़ी राहत

डीपीआर गठन के लिए एक माह में सर्वे पूरा करने के जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने दिए निर्देश

पूर्वा टाइम्स – ब्यूरो

सोनभद्र -जनपद सोनभद्र के सड़क यातायात और आवागमन को सुगम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-39 के लगभग 91 किलोमीटर लंबे मार्ग के फोरलेन चौड़ीकरण की दिशा में जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। इस परियोजना के साकार होने से विशेष रूप से अनपरा एवं रेनूकूट के नागरिकों को लंबे समय से आवागमन में हो रही परेशानियों तथा जाम की समस्या से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। यह परियोजना जनपदवासियों के लिए बेहतर सड़क सुविधा और सुगम यातायात की दिशा में एक महत्वपूर्ण सौगात साबित होगी।

इसी क्रम में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में आज फोरलेन चौड़ीकरण हेतु संरेखण (Alignment) एवं डीपीआर (विस्तृत परियोजना रिपोर्ट) तैयार किए जाने की प्रक्रिया में तेजी लाने के संबंध में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
प्रस्तावित परियोजना के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-39 का मार्ग मध्य प्रदेश बॉर्डर से अनपरा, रेणुकूट, हाथीनाला, दुद्धी एवं विंढमगंज होते हुए उत्तर प्रदेश-झारखंड बॉर्डर तक लगभग 91 किलोमीटर लंबाई में फोरलेन किया जाना प्रस्तावित है। इस महत्वपूर्ण परियोजना का निर्माण भारत सरकार द्वारा कराया जाना है।

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि यह जनपद के लिए एक महत्वपूर्ण एवं वृहद परियोजना है। इसके क्रियान्वयन की दिशा में सभी संबंधित विभाग पूरी गंभीरता एवं आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि डीपीआर गठन की प्रक्रिया शीघ्र पूरी हो सके। उन्होंने राजस्व विभाग एवं वन विभाग की संयुक्त टीम को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए संरेखण सर्वे का कार्य एक माह के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सर्वे कार्य में अनावश्यक विलंब न हो और सभी आवश्यक अभिलेखीय एवं स्थलीय कार्यवाही समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित की जाए।

फोरलेन सड़क निर्माण से अनपरा एवं रेणुकूट जैसे प्रमुख औद्योगिक एवं आवासीय क्षेत्रों में यातायात का दबाव कम करने, जाम की समस्या से निजात दिलाने तथा आम नागरिकों के आवागमन को अधिक सुगम बनाने में मदद मिलेगी। इसके साथ ही दुद्धी एवं विंढमगंज क्षेत्र की सड़क कनेक्टिविटी बेहतर होगी तथा क्षेत्रीय आवागमन एवं परिवहन सुविधाओं को भी मजबूती मिलेगी।
बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उप जिलाधिकारी दुद्धी अशोक कुमार शामिल हुए।
इस अवसर पर डीएफओ रेनुकूट कमल कुमार, NH के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *