विधानसभा निर्वाचन-2027 के दृष्टिगत EVM एवं VVPAT जागरूकता अभियान तेज; जिलाधिकारी ने स्वयं मतदान कर परखी प्रक्रिया

कलेक्ट्रेट के जनसुनवाई हॉल और सभी तहसीलों में लगी डेमो मशीनें, आम नागरिक भी ले सकते हैं मतदान की प्रत्यक्ष जानकारी

पूर्वा टाइम्स – ब्यूरो

सोनभद्र -आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं विश्वसनीय ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जनपद सोनभद्र में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आयोजित EVM (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) एवं VVPAT (वोटर वेरिफिएबल पेपर ऑडिट ट्रेल) प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने स्वयं EVM के माध्यम से डमी मतदान कर पूरी प्रक्रिया का अनुभव किया तथा VVPAT के जरिए अपने मत की पुष्टि भी की। इस जागरूकता कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) वागीश कुमार शुक्ला तथा मुख्य चिकित्साधिकारी रमेश मिश्रा ने भी डेमो मतदान कर पूरी प्रक्रिया की जानकारी ली।
आम नागरिकों को मतदान प्रक्रिया से भली-भांति अवगत कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा विशेष व्यवस्था की गई है। इसके तहत कलेक्ट्रेट स्थित जिलाधिकारी के जनसुनवाई हॉल में EVM एवं VVPAT जागरूकता मशीन लगाई गई है। इसके अतिरिक्त जनपद की सभी तहसीलों में भी ये जागरूकता मशीनें स्थापित की गई हैं, जहां कोई भी आम नागरिक जाकर स्वयं मतदान करने और VVPAT पर्ची के माध्यम से अपने मत की पुष्टि करने की प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त कर सकता है।
जिलाधिकारी ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया के प्रति जागरूक करना और किसी भी प्रकार की भ्रांति को दूर करना है, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी बनी रहे। उन्होंने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि सभी नागरिक कलेक्ट्रेट या अपने संबंधित तहसील परिसर में जाकर इस सुविधा का लाभ उठाएं, जागरूक मतदाता बनें और लोकतंत्र को सशक्त बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *