ग्राम चौपाल में प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा एवं सदर विधायक भूपेश चौबे ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं, एक सप्ताह में निस्तारण के निर्देश

किसान सम्मान निधि, पेंशन, शौचालय एवं पेयजल संबंधी शिकायतों पर गंभीरता, अधिकारियों को समयबद्ध कार्यवाही के निर्देश

हर पात्र परिवार तक पहुंचे सरकारी योजनाओं का लाभ, ग्राम चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों से सीधा संवाद

पूर्वा टाइम्स – ब्यूरो
सोनभद्र -ग्रामीणों की समस्याओं को गांव में ही सुनकर उनका प्रभावी समाधान सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से आज पंचायत भवन चुर्क परिसर में प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा की अध्यक्षता में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सदर विधायक भूपेश चौबे भी उपस्थित रहे।
ग्राम चौपाल में प्रभारी मंत्री एवं सदर विधायक ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं एवं शिकायतों को सुना तथा संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
ग्राम चौपाल के दौरान किसान सम्मान निधि से संबंधित समस्याओं के निस्तारण के लिए प्रभारी मंत्री ने उपनिदेशक कृषि को निर्देशित किया कि पात्र कृषक बंधुओं की समस्याओं के समाधान हेतु गांव में विशेष कैंप आयोजित किए जाएं तथा एक सप्ताह के भीतर सभी प्रकरणों का निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इसी प्रकार वृद्धावस्था पेंशन से संबंधित शिकायतों के निराकरण के लिए जिला समाज कल्याण अधिकारी को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
प्रभारी मंत्री ने जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया कि ग्राम सभा में ऐसे परिवारों की सूची तैयार कराई जाए, जिनके घरों में अभी तक शौचालय का निर्माण नहीं हुआ है। ऐसे पात्र परिवारों को शौचालय योजना से लाभान्वित करने के लिए नियमानुसार आवश्यक प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कराई जाए, ताकि कोई भी पात्र परिवार योजना के लाभ से वंचित न रहे।
हर घर नल से जल योजना की पेयजल आपूर्ति की होगी जांच
प्रभारी मंत्री ने हर घर नल से जल योजना के अंतर्गत चुर्क ग्राम सभा में हो रही पेयजल आपूर्ति की स्थिति पर विशेष जोर देते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि एक सप्ताह के भीतर स्थलीय जांच कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। रिपोर्ट में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया जाए कि ग्राम सभा में कितने घरों में नियमित रूप से पेयजल आपूर्ति हो रही है तथा किन घरों में आपूर्ति बाधित अथवा अनियमित है। उन्होंने कहा कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा का लाभ प्रत्येक पात्र परिवार तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाए।
प्रभारी मंत्री एवं सदर विधायक ने अधिकारियों से कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाना प्राथमिकता है। ग्राम चौपाल का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं को सुनकर उनका समाधान गांव में ही सुनिश्चित करना है, इसलिए अधिकारी प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समयसीमा में प्रभावी कार्यवाही करें।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता, उप जिलाधिकारी सदर आशीष कुमार त्रिपाठी, पुलिस क्षेत्राधिकारी रणधीर मिश्रा, जिला विकास अधिकारी हेमंत कुमार सिंह, संबंधित अधिकारीगण, जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *