ओबरा गैस रिसाव में संविदा कर्मचारी की मौत पर भाकपा का आक्रोश, 50 लाख मुआवजे की मांग.पूर्वा टाइम्स – ब्यूरो

सोनभद्र -ओबरा-सी तापीय परियोजना में जहरीली गैस के रिसाव की चपेट में आने से संविदा कर्मचारी की मौत के मामले में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) ने गहरा आक्रोश व्यक्त किया है। पार्टी ने घटना पर शोक जताते हुए मृतक कर्मचारी के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की और परियोजना प्रबंधन की जवाबदेही तय करने की मांग की है। भाकपा के जिला सह सचिव देव कुमार विश्वकर्मा ने कहा कि परियोजना परिसर में जहरीली गैस का रिसाव होना और उसकी चपेट में आकर एक कर्मचारी की जान जाना बेहद गंभीर मामला है। इससे परियोजना की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने कहा कि जब परियोजना में खतरनाक गैसों का उपयोग होता है तो कर्मचारियों की सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम क्यों नहीं किए गए थे। घटना की निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच कराई जानी चाहिए तथा लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने मांग की कि मृतक संविदा कर्मचारी के परिवार को तत्काल 50 लाख रुपये मुआवजा दिया जाए। परिवार के एक योग्य सदस्य को स्थायी नौकरी दी जाए तथा बच्चों की शिक्षा का पूरा खर्च परियोजना प्रबंधन उठाए। इसके अलावा पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक एवं पारिवारिक सहायता उपलब्ध कराने की भी मांग की गई।
भाकपा ने परियोजना में कार्यरत सभी नियमित और संविदा कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया। देव कुमार विश्वकर्मा ने कहा कि किसी भी परियोजना का मुनाफा मजदूरों की जिंदगी से बड़ा नहीं हो सकता। संविदा कर्मचारी भी अपने परिवार के भरण-पोषण के लिए काम करते हैं। उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी प्रबंधन की है। उन्होंने चेतावनी दी कि पीड़ित परिवार को न्याय और सम्मानजनक भविष्य दिलाने के लिए केवल जांच का आश्वासन पर्याप्त नहीं है। यदि प्रबंधन ने मांगों पर तत्काल कार्रवाई नहीं की तो मजदूरों और आम जनता को साथ लेकर लोकतांत्रिक आंदोलन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *