दिव्यांग छात्राओं को शिक्षा एवं आवागमन में सुविधा प्रदान करने हेतु निःशुल्क ई-ट्राईसाइकिल योजना शुरू, प्रत्येक विधानसभा में 20 छात्राओं को मिलेगा लाभ
पात्र दिव्यांग छात्राओं को ₹65 हजार तक की ई-ट्राईसाइकिल अनुदान राशि अनुमन्य, ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित
पूर्वा टाइम्स – ब्यूरो
सोनभद्र -जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने अवगत कराया है कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा दिव्यांग छात्राओं को शिक्षा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने तथा विद्यालय एवं महाविद्यालय तक उनके आवागमन को सुगम बनाने के उद्देश्य से ई-ट्राईसाइकिल योजना प्रारंभ की गई है। योजना के अंतर्गत स्कूल एवं महाविद्यालयों में अध्ययनरत पात्र दिव्यांग छात्राओं को निःशुल्क ई-ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराई जाएगी।
वित्तीय वर्ष 2026-27 में जनपद सोनभद्र की प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 20-20 ई-ट्राईसाइकिल वितरित किए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। योजना का उद्देश्य ऐसी दिव्यांग छात्राओं को शैक्षिक पुनर्वास एवं आवागमन की सुविधा प्रदान करना है, जिन्हें विद्यालय, महाविद्यालय, लाइब्रेरी, लैब, हॉस्टल एवं अन्य शैक्षणिक गतिविधियों तक पहुंचने में कठिनाई होती है। योजना के अंतर्गत प्रति ई-ट्राईसाइकिल अधिकतम ₹65,000 की अनुदान राशि अनुमन्य होगी।
ई-ट्राईसाइकिल योजना की प्रमुख पात्रता- छात्रा की आयु कम से कम 16 वर्ष होनी चाहिए, मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा प्रदत्त प्रमाण-पत्र के अनुसार दिव्यांगता 40 प्रतिशत या उससे अधिक होनी चाहिए। छात्रा किसी मान्यता प्राप्त विद्यालय अथवा महाविद्यालय में अध्ययनरत हो। छात्रा के दोनों हाथ कार्यशील हों तथा दृष्टि एवं मानसिक स्थिति सामान्य हो। शरीर का ऊपरी भाग ई-ट्राईसाइकिल के सुरक्षित संचालन में सक्षम होना चाहिए, विगत 05 वर्षों में किसी सरकारी योजना, सांसद निधि, विधायक निधि अथवा अन्य सरकारी अनुदान से मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल या ई-ट्राईसाइकिल प्राप्त न की हो।
आवेदन हेतु आवश्यक दस्तावेज
आवेदन के समय आधार कार्ड, यूडीआईडी कार्ड, दिव्यांगता प्रमाण-पत्र, आय प्रमाण-पत्र तथा विद्यालय/महाविद्यालय में अध्ययनरत होने का प्रमाण-पत्र सहित अन्य आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करना होगा।
ऑनलाइन आवेदन एवं संपर्क
इच्छुक एवं पात्र दिव्यांग छात्राएं ऑनलाइन पोर्टल http://hwd.uphq.in के माध्यम से आवेदन कर सकती हैं। आवेदन संबंधी जानकारी एवं सहायता के लिए विकास भवन, लोढ़ी, सोनभद्र स्थित जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण कार्यालय, कक्ष संख्या-11 में संपर्क किया जा सकता है।
जिलाधिकारी ने पात्र दिव्यांग छात्राओं से अपील की है कि वे निर्धारित पात्रता एवं आवश्यक अभिलेखों के साथ ऑनलाइन आवेदन कर योजना का लाभ उठाएं, जिससे उनकी शिक्षा में आवागमन संबंधी बाधाएं दूर हों और वे आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ सकें।

