दीपावली पर बच्चों में दिखा गजब का उत्साह, फूलझड़ियों और आतिशबाजी से रोशन हुई सोनभद्र की रात.
पूर्वा टाइम्स – ब्यूरो
सोनभद्र जिले में दीपावली का पर्व हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। रॉबर्ट्सगंज, चोपन, ओबरा, रेणुकूट, दुद्धी, बभनी समेत जिले के विभिन्न नगरों और ग्रामीण क्षेत्रों में दीपोत्सव की रौनक देखने को मिली। शाम होते ही घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों की आकर्षक सजावट रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठी। हर तरफ दीपों की चमक और आतिशबाजी का शोर सुनाई देता रहा।
दीपावली के अवसर पर लोगों ने विधि-विधान से मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की। इसके बाद घरों और प्रतिष्ठानों में दीप जलाकर सुख-समृद्धि की कामना की गई। रात होते ही आतिशबाजी का दौर शुरू हो गया। लोगों ने अनार, रॉकेट, पैराशूट, आसमानी शॉट्स और विभिन्न प्रकार के पटाखे छोड़कर त्योहार की खुशियां मनाईं। आसमान रंग-बिरंगी रोशनी से नहा उठा।
दीपावली की खुशियों में बच्चे भी पीछे नहीं रहे। अभिभावकों की देखरेख में बच्चे फूलझड़ियां जलाते और रंगीन आतिशबाजी का आनंद लेते नजर आए, वहीं युवाओं में पटाखे और बम छोड़ने को लेकर खासा उत्साह दिखा। इस दौरान लोग नए और आकर्षक कपड़ों में एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं देते तथा मिठाइयां बांटते नजर आए।
दीपों की रोशनी ने अंधकार पर विजय और खुशहाली का संदेश दिया। पूरे जिले में आपसी प्रेम, भाईचारे और उत्साह का माहौल देखने को मिला। हालांकि कुछ स्थानों पर दुर्घटनाओं के कारण त्योहार की खुशियों में खलल भी पड़ा, लेकिन अधिकांश क्षेत्रों में दीपावली शांतिपूर्ण और उल्लासपूर्ण माहौल में मनाई गई।
वहीं, इस बार दीपावली पर बाजारों में खरीदारी को लेकर दुकानदारों की मिली-जुली प्रतिक्रिया देखने को मिली। कुछ व्यापारियों ने अच्छी बिक्री होने की बात कही, जबकि कुछ दुकानदारों के मुताबिक अपेक्षा के अनुरूप कारोबार नहीं हुआ। इसके बावजूद दीपावली पर बाजारों में रौनक बनी रही और लोगों ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार खरीदारी कर पर्व की खुशियां साझा कीं।
दीपों की जगमगाहट, आतिशबाजी और आपसी भाईचारे के बीच सोनभद्र में दीपावली का पर्व उत्साह के साथ संपन्न हुआ।

