सोन अर्थ को मिली डिजिटल उड़ान, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के उत्पादों को मिलेगी नई पहचान और व्यापक बाजार –
समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गौड़ ने किया ‘सोनअर्थ’ के डिजिटल लोगो का अनावरण
डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़ेंगे अधिक ग्राहक, महिला उद्यमिता एवं आर्थिक स्वावलंबन को मिलेगा बढ़ावा
पूर्वा टाइम्स – ब्यूरो
सोनभद्र -डायट परिसर में आयोजित सोन अर्थ दीपावली सरस मेला-2026 में आज प्रदेश सरकार के समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गौड़ ने जिलाधिकारी चर्चित गौड़, मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी एवं डीसी मनरेगा रविंद्र सिंह की उपस्थिति में ‘सोनअर्थ’ के डिजिटल लोगो का अनावरण किया।
इस अवसर पर समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गौड़ ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि ‘सोनअर्थ’ के डिजिटल लोगो के अनावरण से ब्रांड को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी नई पहचान मिलेगी। इससे अधिक से अधिक ग्राहक जुड़ सकेंगे तथा स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों की मार्केटिंग को और बेहतर अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा कि महिलाओं द्वारा तैयार किए गए स्थानीय उत्पादों को एक ब्रांड के माध्यम से बाजार उपलब्ध कराना महिला सशक्तिकरण एवं आर्थिक स्वावलंबन की दिशा में सराहनीय पहल है।
इस दौरान जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि जनपद की स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों की गुणवत्ता एवं विशिष्टता को ‘सोनअर्थ’ ब्रांड के माध्यम से व्यापक पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। डिजिटल प्लेटफॉर्म पर ब्रांड की उपस्थिति से उत्पादों की पहुंच स्थानीय बाजार से आगे बढ़कर व्यापक स्तर तक हो सकेगी। इससे समूह की महिलाओं को अपने उत्पादों के विपणन के बेहतर अवसर मिलेंगे और उनकी आय में वृद्धि के साथ आर्थिक आत्मनिर्भरता को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने तथा स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को सशक्त उद्यमी बनाने के लिए जिला प्रशासन निरंतर प्रयासरत है। ‘सोनअर्थ’ इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से जनपद के स्थानीय उत्पादों को एक विशिष्ट पहचान प्रदान की जा रही है।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं जनमानस ने इस पहल की सराहना की।

