ग्रीन माउंटेन स्कूल में रंगोली प्रतियोगिता में बिखरे रंग, कक्षा 7 ने जीता पहला पुरस्कार

पूर्वा टाइम्स – भोला प्रसाद गुप्ता

ओबरा – दीपावली के त्योहार को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। इसी कड़ी में ग्रीन माउंटेन स्कूल विद्यालय में धनतेरस के शुभ अवसर पर भव्य रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर सुबह से ही रंगों, फूलों और दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। प्रतियोगिता में कक्षा 4 से 8 तक के कुल 76 बच्चों ने हिस्सा लिया। बच्चों ने अपनी कल्पना और मेहनत से एक से बढ़कर एक सुंदर रंगोलियां बनाईं। किसी ने फूलों से लक्ष्मी जी के चरण बनाए तो किसी ने दीपों से सजी रंगोली में “शुभ दीपावली” लिखा। किसी ने मोर, तो किसी ने कलश और स्वास्तिक की आकृति बनाकर सबका मन मोह लिया। सभी रंगोलियों का निष्पक्ष मूल्यांकन विद्यालय के सभी टीचर्स ने मिलकर किया। रंगों का चयन, साफ-सफाई, डिजाइन और रचनात्मकता को मुख्य आधार बनाया गया। अंत में सभी टीचर्स के अंकों को जोड़कर विद्यालय के प्रबंधक डॉ. अमित सिंह कुशवाहा ने परिणाम की घोषणा की। विजेता प्रथम स्थान – कक्षा 7, द्वितीय स्थान – कक्षा 6, तृतीय स्थान – कक्षा 5 के विद्यार्थी रहे। कक्षा 7 की रंगोली को देखकर सभी ने तालियां बजाईं। उनकी रंगोली में रंगों का मेल, फूलों की सजावट और दीपों की रौशनी सबसे अलग दिख रही थी। संस्थापिका ने दिया आशीर्वाद और तोहफा विजेता बच्चों को विद्यालय की संस्थापिका श्रीमती शांति देवी ने अपने हाथों से पेन देकर सम्मानित किया। उन्होंने बच्चों को मेहनत और संस्कार के साथ आगे बढ़ने का आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा बच्चों ने अपनी प्रतिभा से आज विद्यालय का नाम रोशन कर दिया है। रंगोली हमारी भारतीय संस्कृति का प्रतीक है। इसे बनाना केवल कला नहीं, बल्कि शुभता का स्वागत है। इस अवसर पर संस्थापिका ने प्रिंसिपल त्रिलोक नाथ झा, धर्मजीत कुमार, विमलेश दीक्षित, पवन राय, अरुण प्रजापति, निरंजन चौरसिया, तमन्ना बानो, लक्ष्मी गुप्ता, विनीता, पूनम गुप्ता, पूनम सिंह, पूजा कुमारी, आरती मौर्या, संध्या, गुलफ्शा, मुमताज बानो, अल्फीशा खनम, कामता सिंह सहित समस्त विद्यालय परिवार को धनतेरस एवं दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और सभी को तोहफा देकर खुशियां बांटीं। प्रबंधक डॉ. अमित सिंह कुशवाहा ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से बच्चों में छिपी प्रतिभा बाहर आती है और उनमें टीम वर्क, अनुशासन और भारतीय संस्कृति के प्रति प्रेम बढ़ता है। विद्यालय आगे भी इस तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रम कराता रहेगा। कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों, शिक्षकों और अभिभावकों ने एक-दूसरे को दीपावली की बधाई दी और मिठाइयां बांटी गईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *