2.37 करोड़ रुपये के साइबर फ्रॉड का मामला, मुख्य आरोपी समेत तीन गिरफ्तार.पूर्वा टाइम्स – ब्यूरो
सोनभद्र। जनपद में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दुद्धी पुलिस ने करोड़ों रुपये के संदिग्ध लेन-देन से जुड़े साइबर धोखाधड़ी के मामले में मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, SATYA SANATAN TRUST के नाम से पंजीकृत बैंक खाते से जुड़ी 35 साइबर फ्रॉड शिकायतें सामने आई हैं। इन शिकायतों से संबंधित खाते में करीब 2 करोड़ 37 लाख रुपये के संदिग्ध लेन-देन की जानकारी मिली है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन में साइबर अपराधियों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल तथा क्षेत्राधिकारी साइबर हर्ष पाण्डेय और क्षेत्राधिकारी दुद्धी विनय प्रभाकर साहनी के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई।
JMIS पोर्टल पर जांच के दौरान सामने आया मामला-:
पुलिस प्रेस नोट के मुताबिक, समन्वय (JMIS) पोर्टल पर उपलब्ध संदिग्ध बैंक खातों की जांच के दौरान 16 अक्टूबर 2026 को Suspect Branch टैब में SATYA SANATAN TRUST के नाम से पंजीकृत बैंक खाते के संबंध में साइबर फ्रॉड की कुल 35 शिकायतें दर्ज पाई गईं। खाते से करीब 2.37 करोड़ रुपये के संदिग्ध लेन-देन की जानकारी मिलने के बाद साइबर थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया। इस मामले में मु.अ.सं. 281/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 336(3), 338 और 340(2) तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66डी में अभियोग पंजीकृत किया गया।
दुद्धी रेलवे स्टेशन रोड से हुई गिरफ्तारी-:
विवेचना के दौरान 25 अक्टूबर 2026 को दुद्धी पुलिस म्योरपुर तिराहे पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर मुकदमे में वांछित तीनों अभियुक्तों को रेलवे स्टेशन परिसर रोड, दुद्धी से सुबह करीब 6:40 बजे गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों की जामा तलाशी के दौरान तीन मोबाइल फोन बरामद किए।
मुख्य आरोपी चंदौली का निवासी-:
गिरफ्तार आरोपियों में हरिकेश पाण्डेय उर्फ ऋषिकेश पुत्र चिंतामणि पाण्डेय, निवासी ग्राम बागी बगही, नौगढ़, जनपद चंदौली को मुख्य अभियुक्त बताया गया है। अन्य दो आरोपियों की पहचान अंजनी कुमार पुत्र उदित नारायण, निवासी महुअरिया, थाना दुद्धी, सोनभद्र तथा वेदान्त मौर्या पुत्र पवन कुमार कुशवाहा, निवासी रजखड़, थाना दुद्धी, सोनभद्र के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद तीनों आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। मामले की विवेचना जारी है।
इन पुलिसकर्मियों की टीम ने की कार्रवाई-:
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ प्रताप सिंह, चौकी प्रभारी कस्बा दुद्धी उपनिरीक्षक संजय सिंह, हेड कांस्टेबल लक्ष्मण शंकर यादव, हेड कांस्टेबल शेरबहादुर यादव, कांस्टेबल सुनील सरोज और कांस्टेबल सौरभ पाण्डेय शामिल रहे।

