रेलवे रामलीला में सूर्पणखा की नाक-कान काटने, खर-दूषण वध और सीता हरण की लीला का हुआ मंचन

पूर्वा टाइम्स – ब्यूरो
सोनभद्र। चोपन रेलवे रामलीला मंच पर रामलीला के आठवें दिन सूर्पणखा की नाक-कान काटने, खर-दूषण वध और माता सीता हरण की लीला का भव्य मंचन किया गया। कलाकारों के सजीव अभिनय को देखकर दर्शक भावविभोर हो उठे। वहीं, माता सीता के हरण का प्रसंग देखकर महिलाओं की आंखें नम हो गईं।
लीला के दौरान दिखाया गया कि रावण की बहन सूर्पणखा भगवान श्रीराम और लक्ष्मण के समक्ष विवाह का प्रस्ताव रखती है। काफी समझाने के बाद भी जब वह अपनी जिद पर अड़ी रहती है, तो लक्ष्मण जी उसकी नाक-कान काट देते हैं। अपमानित सूर्पणखा खर-दूषण के पास पहुंचकर उन्हें श्रीराम और लक्ष्मण से बदला लेने के लिए उकसाती है। इसके बाद खर-दूषण अपनी सेना के साथ श्रीराम से युद्ध करते हैं, जिसमें दोनों का वध हो जाता है।
खर-दूषण के वध की सूचना मिलने पर रावण क्रोधित हो उठता है और प्रतिशोध की भावना से माता सीता के हरण की योजना बनाता है। इसके बाद माता सीता के हरण की लीला का मंचन किया गया। इन प्रसंगों को देखकर उपस्थित श्रद्धालु भावविभोर हो उठे और जय श्रीराम के जयघोष से रामलीला परिसर गूंज उठा।
रामलीला के माध्यम से बुराई पर अच्छाई की विजय, धर्म की रक्षा और मर्यादा का पालन करने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर लीला का आनंद लिया।
इस अवसर पर रेलवे रामलीला समिति के अध्यक्ष कमल किशोर सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष उस्मान अहमद, महफूज आरिफ, दीनदयाल सिंह, बबलू सोनी, दिव्य विकास सिंह, सुरेश गर्ग, संतोष सिंह, रमेश सोनी, अमर शर्मा, सुरेश जायसवाल, पिंटू जायसवाल एवं आशीष सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।मंच संचालक संजय चेतन आदि

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *