सेवा संकल्प यात्रा के स्वागत समारोह में विधायक ने दिया स्वच्छता का संदेश, सड़क से उठाई प्लास्टिक थैली.पूर्वा टाइम्स – ब्यूरो
सोनभद्र -गुजरात के वड़नगर से काशी तक निकली ‘सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ के सोमवार को डाला नगर पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान स्वागत समारोह में सदर विधायक भूपेश चौबे ने स्वच्छता का संदेश देते हुए सड़क पर गिरी प्लास्टिक की थैली को स्वयं उठाकर लोगों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की सेवा यात्रा को लेकर आयोजित कार्यक्रम के तहत वड़नगर से काशी के लिए निकली सेवा संकल्प बाइक यात्रा डाला पहुंची। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने बाइक सवारों का स्वागत किया। इस दौरान वाराणसी-शक्तिनगर राजमार्ग पर बुलडोजर से पुष्पवर्षा कर यात्रियों का अभिनंदन भी किया गया। सदर विधायक भूपेश चौबे ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा संकल्प के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में एक माह तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में काशी से वड़नगर और वड़नगर से काशी के लिए दो सेवा यात्राएं निकाली गई हैं। विधायक के मुताबिक करीब 500 बाइक सवार युवा अलग-अलग टोलियों में यात्रा कर रहे हैं। एक टोली में करीब 25 से 30 बाइक शामिल हैं। यात्रा के माध्यम से गांव-गांव पहुंचकर सेवा कार्यों और सामाजिक जागरूकता का संदेश लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। डाला में स्वागत के दौरान कार्यकर्ताओं ने बुलडोजर से पुष्पवर्षा कर सेवा यात्रियों का अभिनंदन किया। विधायक ने इसे कार्यकर्ताओं का उत्साह बताते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में अपराध और अराजकता के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई एक मॉडल के रूप में सामने आई है। इसी बीच स्वागत समारोह के दौरान सड़क पर गिरी प्लास्टिक की थैली पर विधायक की नजर पड़ी। उन्होंने बिना किसी झिझक के स्वयं सड़क से प्लास्टिक की थैली उठाई और स्वच्छता का संदेश दिया। विधायक के इस कदम ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने सेवा यात्रा के उद्देश्य को सामाजिक सहभागिता और जनसेवा से जोड़ते हुए लोगों से स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, स्थानीय नागरिक और सेवा यात्रा में शामिल बाइक सवार मौजूद रहे। यात्रा विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए काशी की ओर आगे बढ़ी।

