फाइनेंस कंपनी के नाम पर ट्रेलर रोककर चालक से मारपीट, तीन गिरफ्तार; ट्रेलर समेत दो बाइक बरामद.पूर्वा टाइम्स – ब्यूरो
सोनभद्र -फाइनेंस कंपनी में सीजिंग का काम करने की बात कहकर हाईवे पर ट्रेलर रोकने, किश्त बकाया होने का भय दिखाकर चालक से मारपीट करने और वाहन को जबरन कब्जे में लेने के मामले में रॉबर्ट्सगंज पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना से संबंधित ट्रेलर और दो पल्सर मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार, थाना रॉबर्ट्सगंज में दर्ज मु0अ0सं0 822/2026 में धारा 126(2), 115(2), 131, 352, 351(3), 309(6), 61(2)(ए) बीएनएस के तहत कार्रवाई की जा रही है।
फाइनेंस कंपनी के नाम पर रोका था ट्रेलर जांच में पुलिस के मुताबिक सामने आया कि आरोपियों ने फाइनेंस कंपनी में सीजिंग का कार्य करने की बात कहते हुए हाईवे पर ट्रेलर को रोक लिया था। चालक को किश्त बकाया होने की बात बताकर वाहन से नीचे उतारने का प्रयास किया गया और ट्रेलर को अपने कब्जे में ले लिया गया।
पुलिस के अनुसार, चालक ने जब इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि ट्रेलर की केबिन की खिड़की से चालक का गला दबाने का भी प्रयास किया गया। इसके बाद आरोपी ट्रेलर को अपने कब्जे में लेकर हिन्दुआरी स्थित यार्ड ले जाने का प्रयास कर रहे थे।
मुखबिर की सूचना पर तीनों गिरफ्तार-:
5 अक्टूबर 2026 को उपनिरीक्षक विनय कुमार सिंह, चौकी प्रभारी हिन्दुआरी, हमराह पुलिसकर्मियों के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मुकदमे से संबंधित तीन आरोपी हिन्दुआरी पुलिया के पहले बाबा ढाबा के पास मोटरसाइकिलों के साथ खड़े हैं और कहीं जाने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर तीनों आरोपियों ने मोटरसाइकिल से भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें करीब सुबह 10:20 बजे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक पल्सर और एक बिना नंबर की पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की। दोनों मोटरसाइकिलों को धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज किया गया।
पूछताछ में सामने आई कहानी-:
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे श्रीराम फाइनेंस कंपनी में सीजिंग का काम करते हैं। कंपनी से किश्त बकाया वाहनों की जानकारी मिलने पर वे संबंधित वाहन को कब्जे में लेकर यार्ड में खड़ा करते हैं और कंपनी को इसकी सूचना देते हैं। आरोपियों के अनुसार, 4/5 अक्टूबर की रात किश्त बकाया होने के आधार पर ट्रेलर को कब्जे में लेकर हिन्दुआरी स्थित यार्ड ले जाया जा रहा था। इसी दौरान ट्रेलर खराब होकर बंद हो गया। इसके बाद ट्रेलर को डीआर ड्रीम होटल के सामने छोड़ दिया गया। पुलिस के मुताबिक चालक के विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई।
गिरफ्तार आरोपी-:
आशु सिंह, पुत्र धर्मराज सिंह, निवासी ग्राम मगरहथा, थाना पन्नूगंज।
सूरज पाण्डेय, पुत्र नरेन्द्र नाथ पाण्डेय, निवासी ग्राम परसौना, थाना रॉबर्ट्सगंज।
संतोष सिंह, पुत्र राजकुमार सिंह, निवासी पकरी चण्डी होटल, थाना रॉबर्ट्सगंज।
बरामदगी-:
एक ट्रेलर, एक पल्सर मोटरसाइकिल, एक बिना नंबर की पल्सर मोटरसाइकिल।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मेविस टॉक और क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा के पर्यवेक्षण तथा अपराध निरीक्षक दिन्नू प्रसाद यादव के नेतृत्व में की गई। गिरफ्तारी करने वाली टीम में चौकी प्रभारी हिन्दुआरी उपनिरीक्षक विनय कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल हरिराज सिंह, कांस्टेबल अभिमन्यु पाण्डेय और कांस्टेबल दीपक सिंह शामिल रहे।

