निर्माणाधीन सड़क की धीमी प्रगति पर डीएम की सख्ती, जिम्मेदारी तय

दो सहायक अभियंताओं को प्रतिकूल प्रविष्टि, चार अवर अभियंताओं के वेतन पर रोक

ठेकेदार पर ₹20 लाख की पेनल्टी, दो माह में कार्य पूर्ण कराने के निर्देश

एमएमबीसीबी मार्ग से छत्तीसगढ़ बॉर्डर तक 14 किमी सड़क का डीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण*

पूर्वा टाइम्स – ब्यूरो
सोनभद्र -जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने आज एमएमबीसीबी मार्ग किमी-39 से बनवासी सेवा आश्रम होते हुए छत्तीसगढ़ बॉर्डर तक लगभग 14 किलोमीटर लंबाई एवं ₹54.10 करोड़ की अनुमानित लागत से निर्माणाधीन सड़क के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सड़क निर्माण एवं चौड़ीकरण कार्य की प्रगति बेहद धीमी पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।
मॉनिटरिंग में शिथिलता पर अभियंताओं की जवाबदेही तय
जिलाधिकारी ने सड़क के चौड़ीकरण एवं निर्माण कार्य की मॉनिटरिंग में शिथिलता बरतने पर लोक निर्माण विभाग, निर्माण खंड के सहायक अभियंता नवीन श्रीवास्तव एवं छोटेलाल को प्रतिकूल प्रविष्टि जारी करने के निर्देश दिए। वहीं कार्य की निगरानी में अपेक्षित गंभीरता न बरतने पर अवर अभियंता जितेंद्र तिवारी, श्रीकेश, राजेश शर्मा एवं संतोष कुमार सिंह के वेतन भुगतान पर रोक लगाने के निर्देश दिए।
अधिकारियों को चेतावनी, ठेकेदार पर ₹20 लाख की पेनल्टी
इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता, निर्माण खंड को चेतावनी जारी करने तथा निर्माण कार्य में लगे संबंधित सहायक अभियंताओं को भी चेतावनी जारी करने के निर्देश दिए। सड़क निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित ठेकेदार पर ₹20 लाख की पेनल्टी लगाए जाने के निर्देश दिए।
दो माह में प्रत्येक दशा में कार्य पूर्ण कराने के निर्देश
जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था एवं संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य दो माह के भीतर प्रत्येक दशा में पूर्ण कराया जाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में तेजी के साथ-साथ गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए और कार्य की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण के कार्य मुख्यमंत्री की प्राथमिकताओं में शामिल हैं। ऐसे महत्वपूर्ण विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही, शिथिलता अथवा अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्य की प्रगति एवं गुणवत्ता की नियमित समीक्षा की जाएगी तथा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था की जवाबदेही तय करते हुए कठोर कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर उप जिलाधिकारी दुद्धी अशोक कुमार, अधिशासी अभियंता एसके सिंह, अर्थ एवं संख्याधिकारी राजेश कुमार, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह एवं संबंधित अधिकारीगण, निर्माण एजेंसी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *