चोपन में ‘रिफॉर्म उत्सव’ के तहत खुली बैठक, योजनाओं के समेकन और ग्रामीणों की समस्याओं पर हुई चर्चा.

पूर्वा टाइम्स – ब्यूरो

सोनभद्र -ग्राम पंचायत चोपन में गांधी जयंती के अवसर पर ‘रिफॉर्म उत्सव’ के तहत खुली बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न सरकारी योजनाओं को आपस में समेकित कर ग्रामीणों तक उनका लाभ पहुंचाने, योजनाओं की जानकारी देने और ग्रामीणों से सुझाव प्राप्त करने पर चर्चा हुई। ग्राम पंचायत अधिकारी निर्भय कुमार सिंह ने बताया कि पहले गांधी जयंती के अवसर पर मनरेगा और जीपीडीपी की बैठक आयोजित होती थी, लेकिन अब इसमें एनआरएलएम, पेयजल सहित अन्य योजनाओं को भी शामिल कर समेकित रूप से कार्ययोजना तैयार की जा रही है। इसका उद्देश्य ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं से जोड़कर विकास कार्यों को बेहतर तरीके से आगे बढ़ाना है। उन्होंने बताया कि एनआरएलएम के तहत स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। समूहों को हैंडहोल्डिंग के माध्यम से आजीविका बढ़ाने के अवसर उपलब्ध कराने के साथ मनरेगा और अन्य सरकारी योजनाओं से जुड़े कार्यों में समूह की महिलाओं को अवसर देने का प्रयास किया जा रहा है। वर्तमान में ग्राम पंचायत चोपन में 13 स्वयं सहायता समूह गठित हैं। इनकी संख्या बढ़ाने और अधिक से अधिक ग्रामीणों को योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया जारी है। वहीं एडीओ पंचायत काशी राम ठाकुर ने बताया कि रिफॉर्म उत्सव के माध्यम से विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर सरकारी योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है। इसका उद्देश्य योजनाओं को एक-दूसरे से जोड़ते हुए ऐसी विकास कार्ययोजना तैयार करना है, जिसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके। बैठक में ग्रामीणों की ओर से विभिन्न शिकायतें और समस्याएं भी रखी गईं। अधिकारियों ने कई शिकायतों को मौके पर सुना और उनके निस्तारण की कार्रवाई की। वहीं बैंक से संबंधित मामलों को संबंधित बैंक के स्तर पर ले जाकर समाधान कराने का आश्वासन दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि रिफॉर्म उत्सव के माध्यम से ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ उनकी भागीदारी और सुझावों को भी विकास कार्यों में शामिल किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *