रेल कर्मचारी इंटरमीडिएट कॉलेज में धूमधाम से मनाई गई गांधी व शास्त्री जयंती.पूर्वा टाइम्स – ब्यूरो
सोनभद्र -रेल कर्मचारी इंटरमीडिएट कॉलेज चोपन में गांधी जयंती एवं लालबहादुर शास्त्री जयंती श्रद्धा, उत्साह और देशभक्ति के वातावरण में मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्रबंधक उमेश सिंह ने महात्मा गांधी और लालबहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण एवं ध्वजारोहण कर की। कार्यक्रम में छात्राओं ने राष्ट्रगान और सरस्वती वंदना की प्रस्तुति दी। इसके बाद विद्यार्थियों और शिक्षकों ने दोनों महापुरुषों के जीवन, संघर्ष, त्याग और राष्ट्र के प्रति योगदान पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी, जबकि लालबहादुर शास्त्री ने सादगी, त्याग और राष्ट्रभक्ति की मिसाल कायम करते हुए ‘जय जवान, जय किसान’ का नारा दिया। विद्यालय प्रबंधन की ओर से विद्यार्थियों की प्रतिभा और सामान्य ज्ञान को बढ़ावा देने के लिए जनरल नॉलेज प्रतियोगिता आयोजित कराने की घोषणा की गई। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। इस दौरान विद्यालय परिसर में देशभक्ति का माहौल बना रहा और छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला। अंत में विद्यार्थियों को महापुरुषों के आदर्शों और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प दिलाया गया। इस अवसर पर उपप्रबंधक कपिल देव, कोषाध्यक्ष राकेश चौरसिया समेत शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं एवं विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य मौजूद रहे।


