पुलिस लाइन में भक्तिमय माहौल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का भव्य आयोजन , पुलिस लाइन में गूंजा जय कन्हैया लाल का जयघोष

पूर्वा टाइम्स अखिलेश कुमार
गोरखपुर। पुलिस लाइन गोरखपुर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व पूरी श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। पुलिस लाइन स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में आयोजित जन्माष्टमी समारोह में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। देर रात तक चले कार्यक्रम के दौरान पूरा पुलिस लाइन परिसर भक्ति के रंग में रंगा नजर आया। भजन, कीर्तन, धार्मिक गीतों और राधा-कृष्ण की मनमोहक झांकियों से वातावरण कृष्णमय हो गया। जैसे ही मध्यरात्रि में भगवान श्रीकृष्ण का जन्म हुआ, मंदिर परिसर ‘नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयघोष से गूंज उठा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी समारोह में विधायक ग्रामीण विपिन सिंह, एडीजी जोन राम कुमार, डीआईजी रेंज एस. चनप्पा, मंडलायुक्त इन्द्र विक्रम सिंह, जिलाधिकारी दीपक मीणा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ, जिला जज राजकुमार, एसपी सिटी निमिष पाटील, सहायक पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार एस., ज्वाइंट मजिस्ट्रेट कुणाल रस्तोगी, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट मुकुल खंडेलवाल, एसपी नार्थ ज्ञानेंद्र, एसपी अपराध सुधीर जायसवाल समेत पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने विधिवत किया पूजन-अर्चन ।जन्माष्टमी के अवसर पर पुलिस लाइन स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में पहुंचे सभी अधिकारियों ने विधिवत पूजन-अर्चन किया। अधिकारियों ने भगवान राधा-कृष्ण के दर्शन कर पूजा की और प्रदेश एवं जनपद में सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। अधिकारियों के साथ उनके परिवारजन भी इस भक्तिमय आयोजन में शामिल हुए।
सहायक पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार एस. अपनी धर्मपत्नी के साथ राधा-कृष्ण मंदिर पहुंचे और विधिवत पूजन-अर्चन करते हुए श्रीकृष्ण जन्मोत्सव कराया। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक विधि-विधान के बीच भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद मध्यरात्रि में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के समय मंदिर में विशेष आरती एवं पूजन हुआ। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। जन्मोत्सव के दौरान मंदिर परिसर में मौजूद पुलिस अधिकारियों, जवानों और उनके परिवारजनों में खासा उत्साह दिखाई दिया। भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के साथ ही शंख और घंटियों की ध्वनि से पूरा परिसर गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने हाथ उठाकर जयकारे लगाए और भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप का दर्शन कर अपनी श्रद्धा अर्पित की। पुलिस लाइन में आयोजित जन्माष्टमी समारोह में पुलिस अधिकारियों और जवानों की धार्मिक आस्था के साथ पारिवारिक सहभागिता भी देखने को मिली। पुलिस की व्यस्त दिनचर्या और कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारियों के बीच अधिकारियों एवं जवानों ने अपने परिवार के साथ भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव में शामिल होकर आध्यात्मिक आनंद लिया।
एसपी नार्थ ज्ञानेंद्र भी अपनी धर्मपत्नी के साथ समारोह में शामिल हुए। उन्होंने राधा-कृष्ण मंदिर में पूजन-अर्चन कर भगवान का आशीर्वाद लिया। वहीं एसपी अपराध सुधीर जायसवाल ने भी जन्मोत्सव में सहभागिता करते हुए भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन किए और पूजा-अर्चना की। अन्य अधिकारी भी परिवार सहित कार्यक्रम में उपस्थित रहे और धार्मिक अनुष्ठान में सहभागिता की। पुलिस लाइन में तैनात पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों ने भी पूरे उत्साह के साथ जन्माष्टमी समारोह में भाग लिया। लंबे समय तक ड्यूटी करने वाले पुलिस जवानों के लिए यह आयोजन परिवार और सहकर्मियों के साथ धार्मिक एवं सांस्कृतिक वातावरण में समय बिताने का अवसर भी बना।
राधा-कृष्ण की झांकियों ने मोहा मन पूजन-अर्चन के बाद आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम समारोह का मुख्य आकर्षण रहे। कार्यक्रम में बच्चों और कलाकारों ने भगवान श्रीकृष्ण एवं राधा के स्वरूप में मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। किसी ने बाल कृष्ण का रूप धारण किया तो किसी ने राधा का स्वरूप धारण कर अपनी प्रस्तुति से श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
राधा-कृष्ण की झांकियों के साथ भक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। पुलिस अधिकारी, पुलिसकर्मी एवं उनके परिवारजन प्रस्तुतियों का आनंद लेते नजर आए। कई प्रस्तुतियों के दौरान दर्शकों ने तालियों से प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में राधा-कृष्ण का स्वरूप धारण कर प्रतिभाग करने वाले बच्चों एवं प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया गया। अधिकारियों ने प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया और भविष्य में भी इसी तरह धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने के लिए प्रेरित किया।
आरआई अविचल पांडेय समेत पुलिस जवान रहे मौजूद
समारोह में आरआई अविचल पांडेय सहित पुलिस लाइन के अधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिस जवान मौजूद रहे। पुलिसकर्मियों के परिवारों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। रंग-बिरंगी रोशनी, फूलों की सजावट और भगवान श्रीकृष्ण की आकर्षक झांकियों ने आयोजन की भव्यता बढ़ा दी। मध्यरात्रि में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के समय पूरा परिसर भक्तों के जयकारों से गूंज उठा। ‘नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’, ‘हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की’ जैसे जयघोष से पुलिस लाइन का वातावरण पूरी तरह कृष्णमय हो गया। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप को झूला झुलाया और विधिवत आरती की। जन्मोत्सव के उपरांत श्रद्धालुओं में प्रसाद का वितरण किया गया। अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने एक-दूसरे को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। पूरे आयोजन के दौरान पुलिस लाइन में श्रद्धा, उमंग और उल्लास का माहौल बना रहा। पुलिस लाइन में आयोजित यह जन्माष्टमी समारोह पुलिस परिवार की एकजुटता, धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं का सुंदर उदाहरण बनकर सामने आया। कर्तव्य के मोर्चे पर सदैव तत्पर रहने वाले पुलिसकर्मियों ने इस अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में सराबोर होकर जन्मोत्सव मनाया। अधिकारियों और जवानों की सामूहिक सहभागिता ने आयोजन को और भी विशेष बना दिया।

