ओबरा में जश्ने ईद मिलाद-उन-नबी पर निकली भव्य रैली, अमन-भाईचारे का दिया संदेश.पूर्वा टाइम्स – भोला प्रसाद गुप्ता

सोनभद्र -ओबरा थाना क्षेत्र में बुधवार को जश्ने ईद मिलाद-उन-नबी का त्योहार उत्साह और अकीदत के साथ मनाया गया। इस अवसर पर इंतजामिया कमेटी के तत्वावधान में एक भव्य रैली निकाली गई, जिसमें मुस्लिम समुदाय के बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। रैली के माध्यम से अमन, भाईचारे और आपसी सौहार्द का संदेश दिया गया।
यह रैली ओबरा मस्जिद से शुरू हुई। इसके बाद ओबरा इंटर कॉलेज क्लब-1, चिल्ड्रन पार्क और आर्य समाज सहित विभिन्न मार्गों से होते हुए गांधी मैदान पहुंची। रैली पुनः ओबरा मस्जिद के पास आकर समाप्त हुई। इस दौरान लोगों में विशेष उत्साह देखा गया। इस्लामी मान्यताओं के अनुसार, जश्ने ईद मिलाद-उन-नबी का दिन पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिवस के रूप में मनाया जाता है। इस अवसर पर लोगों ने उनके बताए मार्ग पर चलने और आपसी प्रेम व भाईचारे को मजबूत करने का संदेश दिया। रैली के दौरान विभिन्न स्थानों पर लोगों ने इसका स्वागत किया। रैली के मार्ग में सामाजिक संगठनों द्वारा जगह-जगह शरबत और पेयजल की व्यवस्था की गई थी, जिससे रैली में शामिल लोगों को गर्मी के बीच काफी राहत मिली। रैली में युवाओं और बच्चों की भी बड़ी संख्या में मौजूदगी रही, जिससे पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह और अकीदत का माहौल बना रहा। रैली को लेकर पुलिस-प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए विभिन्न स्थानों पर पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे। अधिकारियों और पुलिस टीम ने रैली के मार्ग का जायजा लेते हुए यातायात एवं शांति व्यवस्था सुनिश्चित की। यह रैली शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। इस कार्यक्रम में इंतजामिया कमेटी के सदर हुसैन वाहिदी, सेक्रेटरी राज अली अंसारी, नायब सदर मोहम्मद अली, नायब सेक्रेटरी अली शेर, हाजी सत्तार अंसारी, हाजी इसरार अहमद, साकिब अंसारी, मोहम्मद मुर्तजा सिद्दीकी, फिरोज अहमद, शब्बीर अहमद, अमजद, परवेज और आरिफ सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *