एसडीएम ज्ञान प्रताप सिंह का सख्त संदेश लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त

गोरखपुर। सदर तहसील में नवागत उप जिलाधिकारी (एसडीएम) ज्ञान प्रताप सिंह ने शुक्रवार को अपने पद का कार्यभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार संभालते ही उन्होंने अपने कार्यशैली का स्पष्ट संदेश देते हुए जनसुनवाई को प्राथमिकता दी और कार्यालय पहुंचे फरियादियों की समस्याओं को बारी-बारी से गंभीरता पूर्वक सुना। पहले ही दिन उनकी सक्रियता और संवेदनशीलता से फरियादियों में उम्मीद जगी।
एसडीएम ज्ञान प्रताप सिंह ने कहा कि उनकी प्राथमिकता हर फरियादी की समस्या का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है, ताकि किसी भी व्यक्ति को एक ही समस्या के लिए बार-बार कार्यालय का चक्कर न लगाना पड़े। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि अब व्यवस्था में सुधार लाया जाएगा और हर स्तर पर जवाबदेही तय की जाएगी।
कार्यभार ग्रहण करने के तुरंत बाद उन्होंने अपने अधीनस्थ अधिकारियों—नायब तहसीलदार, कानूनगो, लेखपाल तथा पटल प्रभारियों के साथ बैठक कर सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी फाइल एक दिन से अधिक लंबित नहीं रखी जाएगी और सभी मामलों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। विशेष रूप से किसानों और आम जनता से जुड़े मामलों को तत्काल हल करने पर जोर दिया गया।
एसडीएम ने यह भी स्पष्ट किया कि पहले क्या होता था, इससे उन्हें कोई सरोकार नहीं है। अब उनका पूरा ध्यान वर्तमान व्यवस्था को सुधारने और जनता को बेहतर सेवा देने पर रहेगा। उन्होंने कहा कि किसी भी फरियादी को बेवजह तहसील कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और हर समस्या का समाधान पारदर्शी तरीके से किया जाएगा।
उन्होंने सभी कर्मचारियों और अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने पटल पर नियमित रूप से बैठकर जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करें और सौंपे गए दायित्वों का पूरी ईमानदारी के साथ निर्वहन करें। लापरवाही या अनावश्यक देरी किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एसडीएम ज्ञान प्रताप सिंह की इस पहल से तहसील में कार्यसंस्कृति में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है। फरियादियों ने भी उनकी सक्रियता और संवेदनशील रवैये की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि अब उनकी समस्याओं का शीघ्र और प्रभावी समाधान संभव हो सकेगा। प्रशासन की इस नई पहल से सदर तहसील में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *