सदर एसडीएम बने ज्ञान प्रताप सिंह, डीएम ने सौंपी बड़ी जिम्मेदारी

पदभार संभालते ही बोले— अपील वाली फाइलें 2 दिन में अपर एसडीएम कोर्ट भेजी जाएंगी
गोरखपुर। जनपद में प्रशासनिक फेरबदल के बीच 2024 बैच के पीसीएस अधिकारी ज्ञान प्रताप सिंह ने सदर उप जिलाधिकारी (एसडीएम) का पदभार ग्रहण कर लिया है। अब तक वह सदर तहसीलदार के रूप में कार्य करते हुए एसडीएम सदर का अतिरिक्त प्रभार भी देख रहे थे। उनके बेहतर कार्यों और प्रशासनिक दक्षता को देखते हुए जिलाधिकारी दीपक मीणा ने उन्हें सदर एसडीएम का दायित्व सौंपा है।
पदभार ग्रहण करने के बाद ज्ञान प्रताप सिंह ने स्पष्ट किया कि न्यायिक प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध बनाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि तहसीलदार एवं तहसीलदार न्यायिक न्यायालय से आदेशित फाइलों में यदि एसडीएम न्यायालय में अपील दायर होती है, तो ऐसी सभी फाइलों को अधिकतम दो दिनों के भीतर अपर एसडीएम न्यायालय में भेज दिया जाएगा, ताकि मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित हो सके।
ज्ञान प्रताप सिंह जुलाई 2024 में गोरखपुर में तहसीलदार के पद पर तैनात हुए थे। उन्होंने कैम्पियरगंज तहसील से अपनी सेवाएं शुरू कीं और बाद में सदर तहसील का कार्यभार संभाला। करीब एक वर्ष से अधिक समय तक सदर तहसीलदार रहते हुए उन्होंने राजस्व कार्यों में पारदर्शिता, समयबद्ध निस्तारण और जनसुनवाई में सक्रियता के लिए पहचान बनाई।
शासन द्वारा 30 जून 2025 को उन्हें पदोन्नत कर उप जिलाधिकारी बनाया गया था और अयोध्या जनपद में तैनाती दी गई थी, लेकिन उनके अनुभव और जिले में चल रही महत्वपूर्ण योजनाओं को देखते हुए उन्हें गोरखपुर में ही बनाए रखा गया। पदोन्नति के बाद भी उन्होंने सदर तहसील का कार्यभार संभालते हुए प्रशासनिक कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया।
प्रशासनिक हलकों में ज्ञान प्रताप सिंह की कार्यशैली को जमीनी स्तर पर समस्याओं के त्वरित समाधान और विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए जाना जाता है। आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुनने और उनका शीघ्र समाधान कराने के कारण उनकी सकारात्मक छवि बनी हुई है।
सदर एसडीएम के रूप में उनके कार्यकाल से जिले में चल रही महत्वपूर्ण परियोजनाओं— जैसे विरासत गलियारा, प्रमुख मार्गों का चौड़ीकरण और अन्य विकास कार्यों— को गति मिलने की उम्मीद है। अब देखना होगा कि वह अपनी नई जिम्मेदारी में प्रशासनिक अपेक्षाओं पर कितना खरा उतरते हैं।








