ब्लूमिंग बड्स स्कूल में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, ऑनलाइन ठगी से बचाव की दी गई जानकारी

पूर्वा टाइम्स ब्यूरो, संत कबीर नगर।
पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी साइबर क्राइम अमित कुमार के पर्यवेक्षण में थाना कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र स्थित ब्लूमिंग बड्स स्कूल, औद्योगिक क्षेत्र खलीलाबाद में साइबर जागरूकता एवं साइबर सुरक्षा कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में साइबर थाना प्रभारी जयप्रकाश चौबे एवं उनकी टीम ने उपस्थित लोगों को साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों और उनसे बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने अज्ञात कॉल, संदिग्ध लिंक, ई-मेल, लॉटरी ऑफर, क्यूआर कोड स्कैन, फेक क्रेडिट, वर्क फ्रॉम होम, पुलिस इम्परसोनेशन तथा एपीके फाइल के माध्यम से होने वाली साइबर ठगी से सतर्क रहने की अपील की।

गोष्ठी में बताया गया कि साइबर अपराधी सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने, नौकरी दिलाने या अन्य आकर्षक प्रलोभन देकर लोगों को कॉन्फ्रेंस कॉल पर जोड़ते हैं और उनकी गोपनीय जानकारी हासिल कर धोखाधड़ी करते हैं। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी या ऑनलाइन अपराध होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन पर सूचना देने अथवा साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई।

साइबर टीम ने लोगों से अपील की कि वे अपने बैंक खाते की जानकारी, ओटीपी, पासवर्ड या अन्य व्यक्तिगत जानकारी किसी के साथ साझा न करें और सोशल मीडिया पर प्राप्त किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें।

कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन में साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित उपयोग सुनिश्चित करना रहा। इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक साइबर क्राइम जयप्रकाश चौबे, मुख्य आरक्षी अमृता सिंह, आरक्षी राघवेन्द्र सिंह, महिला आरक्षी प्रतीची शुक्ला सहित अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *