भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी बोले- दोषी कोई भी हो, राम मंदिर मामले में नहीं बख्शा जाएगा.

पूर्वा टाइम्स – समाचार

सोनभद्र -भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी मंगलवार को एक दिवसीय दौरे पर सोनभद्र पहुंचे। जिले में उनके आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। रॉबर्ट्सगंज के बढ़ौली चौराहे पर बुलडोजर से पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया गया। कार्यकर्ताओं ने करीब 10 किलोमीटर तक रोड शो निकालते हुए प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया। इस दौरान “भारत माता की जय” और “भाजपा जिंदाबाद” के नारों से पूरा माहौल गूंजता रहा। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत पंकज चौधरी ने भाजपा जिला कार्यालय में जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का मंत्र दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनावों की तैयारियों में पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया। दौरे के दौरान सर्किट हाउस में आयोजित प्रेसवार्ता में प्रदेश अध्यक्ष ने विभिन्न राजनीतिक और समसामयिक मुद्दों पर मीडिया के सवालों के जवाब दिए। अयोध्या राम मंदिर से जुड़े कथित चंदा गबन मामले पर उन्होंने कहा कि जांच जारी है और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि दोषी कोई भी हो, उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। “मुगलों ने मंदिर को लूटा और सनातनियों ने मंदिर बनाकर लूटा” संबंधी सवाल पर उन्होंने कहा कि यदि ऐसी कोई घटना हुई है तो वह दुर्भाग्यपूर्ण है और भविष्य में ऐसी स्थिति न बने, इसके लिए प्रयास किए जाएंगे। राम मंदिर मामले का 2027 के विधानसभा चुनाव पर असर पड़ने के सवाल पर पंकज चौधरी ने कहा कि भाजपा को इससे कोई राजनीतिक नुकसान नहीं होगा। उनका कहना था कि सरकार निष्पक्ष जांच कर रही है और विपक्ष इस मुद्दे पर केवल राजनीति कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन लोगों ने रामभक्तों पर गोलियां चलवाईं और भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाए, उनके बहकावे में अब देश की जनता आने वाली नहीं है।
वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय नेतृत्व, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित सामूहिक नेतृत्व के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी। वहीं 2024 के लोकसभा चुनाव में विपक्ष की बढ़त पर उन्होंने कहा कि विपक्ष ने झूठा नैरेटिव फैलाकर कुछ लाभ जरूर लिया था, लेकिन अब जनता सच्चाई समझ चुकी है और दोबारा भ्रमित नहीं होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *