मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना एवं डीबीटी वितरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन सम्पन्न

पूर्वा टाइम्स – समाचार
सोनभद्र -ओबरा, उत्तर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री मा. योगी आदित्यनाथ द्वारा 5 सितम्बर 2025 को की गई घोषणा को अंतिम रूप देते हुए सभी औपचारिक प्रक्रियाएँ पूर्ण होने के उपरांत आज प्रदेशभर में समारोहपूर्वक मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा कार्ड के डेमो कार्ड का वितरण किया गया। इसी क्रम में तहसील सभागार, ओबरा (सोनभद्र) में आयोजित कार्यक्रम में सेवारत शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक एवं रसोइयों को मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना के अंतर्गत कार्ड वितरित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री जी के लाइव प्रसारण के माध्यम से डीबीटी (Direct Benefit Transfer) का शुभारंभ भी किया गया। इसके अंतर्गत प्रदेश के सभी परिषदीय विद्यालयों के विद्यार्थियों के अभिभावकों के बैंक खातों में यूनिफॉर्म, जूते, मोजे, बैग एवं स्वेटर की खरीद हेतु ₹1200 की धनराशि हस्तांतरित की गई। साथ ही सामाजिक सुरक्षा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से एसबीआई बैंक के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए तथा “हरित एवं स्वच्छ विद्यालय” अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले चयनित शिक्षकों को सम्मानित भी किया गया।
तहसील सभागार, ओबरा में आयोजित इस कार्यक्रम की मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख, विकासखंड चोपन मा. लीला देवी गोंड रहीं। अति विशिष्ट अतिथि के रूप में मा. रूबी मिश्रा, विशिष्ट अतिथि के रूप में तहसीलदार नरेंद्र राम, नायब तहसीलदार रजनीश यादव, खंड विकास अधिकारी (कोन) जितेंद्र नाथ दुबे, खंड शिक्षा अधिकारी (कोन) विश्वजीत तथा खंड शिक्षा अधिकारी (चोपन) लोकेश कुमार मिश्रा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी तहसील सभागार में दिखाया गया, जिसमें विकासखंड चोपन एवं कोन के लगभग 200 से अधिक शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक एवं रसोइयों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का संयोजन खंड शिक्षा अधिकारी चोपन लोकेश कुमार मिश्रा द्वारा किया गया, जबकि मंच संचालन राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक मनीष पटेल ने किया। कार्यक्रम की रूपरेखा एवं समन्वय की जिम्मेदारी खंड शिक्षा अधिकारी कोन विश्वजीत एवं खंड शिक्षा अधिकारी चोपन लोकेश कुमार मिश्रा को संयुक्त रूप से सौंपी गई थी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी द्वारा शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों एवं रसोइयों के हित में संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही शिक्षामित्रों एवं अनुदेशकों के मानदेय वृद्धि के संबंध में भी चर्चा की गई।
कार्यक्रम का समापन खंड शिक्षा अधिकारी कोन विश्वजीत द्वारा सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। पूरे कार्यक्रम का आयोजन अत्यंत उत्साह, गरिमा एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *