मुख्य विकास अधिकारी ने विकास भवन परिसर से पल्स पोलियो जनजागरूकता रैली को दिखाई हरी झंडी

प्रत्येक बच्चे तक पोलियो की दो बूंद पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी- मुख्य विकास अधिकारी

28 जून से शुरू होगा सघन पल्स पोलियो महाअभियान

पूर्वा टाइम्स – समाचार

सोनभद्र -सघन पल्स पोलियो महाअभियान के सफल संचालन एवं जनजागरूकता के उद्देश्य से शनिवार को विकास भवन परिसर से पल्स पोलियो जनजागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली को मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती जागृति अवस्थी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी, आशा कार्यकर्त्रियाँ, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियाँ, विभिन्न विभागों के कर्मचारी तथा स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। रैली को संबोधित करते हुए मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने कहा कि पल्स पोलियो अभियान केवल स्वास्थ्य विभाग का कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनसहभागिता का महाअभियान है। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील की कि 0 से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं तथा अभियान को सफल बनाने में अपना सहयोग दें। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि, ग्राम पंचायतें, स्वयं सहायता समूह, आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्त्रियाँ अभियान को घर-घर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं, जिससे कोई भी बच्चा पोलियो की दवा से वंचित न रहे। मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि 28 जून 2026 को जनपद के सभी निर्धारित पोलियो बूथों पर प्रातः 9ः00 बजे से सायं 4ः00 बजे तक 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। इसके उपरांत स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगी। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि अपने बच्चों को निकटतम पोलियो बूथ पर अवश्य लेकर आएं और पोलियो मुक्त भारत के संकल्प को साकार करने में सक्रिय सहभागिता निभाएं

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *