रजिस्ट्री वाली जमीन पर कब्जे की कोशिश, पीड़िता ने प्रेस क्लब पहुंच लगाई न्याय की गुहार

गोरखपुर। थाना एम्स क्षेत्र की निवासी उर्मिला देवी गुरुवार को गोरखपुर जर्नलिस्ट प्रेस क्लब पहुंचीं। आंखों में आंसू लिए उन्होंने पत्रकारों के सामने अपनी व्यथा सुनाई। आरोप है कि उनकी बैनामा और रजिस्ट्री वाली जमीन पर कुछ दबंग लोग जबरन कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं।उर्मिला देवी ने बताया कि आवास विकास कालोनी, झारखंडी महादेव, थाना एम्स में उनका परिवार पिछले 25 साल से रह रहा है। 2025 में उन्होंने विधिवत बैनामा कराकर जमीन की रजिस्ट्री कराई थी। उसी जमीन पर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान भी बना हुआ है।
पीड़िता के मुताबिक, रजिस्ट्री के बावजूद अब कुछ लोग जमीन पर अवैध कब्जे की फिराक में हैं। उन्होंने इस संबंध में जिलाधिकारी गोरखपुर और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत भी दी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।रोते हुए उर्मिला देवी ने कहा, हम गरीब लोग कहां जाएं? 25 साल से इसी जगह रह रहे हैं। रजिस्ट्री भी है, पीएम आवास भी बना है। फिर भी दबंग हमें उजाड़ना चाहते हैं। साहब से हाथ जोड़कर विनती है, मेरी जमीन बचवा दीजिए। मुझे न्याय चाहिए।
पीड़िता ने कहा कि थक-हार कर वह प्रेस क्लब आई हैं क्योंकि अब उन्हें कोई रास्ता नजर नहीं आ रहा। प्रशासन से उन्होंने शीघ्र कार्रवाई और अपनी जमीन की सुरक्षा की मांग की है।
फिलहाल प्रशासनिक स्तर से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पीड़िता को उम्मीद है कि मीडिया के जरिए उनकी आवाज अधिकारियों तक पहुंचेगी और उन्हें न्याय मिलेगा।








