सीट से कम आवेदन वाले पाठ्यक्रमों में प्रवेश 18 जुलाई को

पूर्वा टाइम्स समाचार

गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में उन विषयों में सीधे प्रवेश की प्रक्रिया 18 जुलाई से आरम्भ होगी जहां सीटों की तुलना में कम आवेदन आए हैं। अभ्यर्थी अपने समस्त मूल अंकपत्रों तथा प्रमाणपत्रों के साथ संबंधित विभागों में प्रातः 10 बजे से अपराह्न 2 बजे के बीच अपने प्रमाणपत्रों के सत्यापन के लिए उपस्थित होंगे।प्रवेश प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो हर्ष कुमार सिन्हा ने बताया कि परिसर के 17 विभागों में संचालित 27 पाठ्यक्रमों में सीधे प्रवेश की प्रक्रिया संबंधित विभागों में होगी। ये पाठ्यक्रम मुख्यतःइलेक्ट्रॉनिक्स,मनोविज्ञान, हिंदी,रक्षा अध्ययन, रसायनशास्त्र, शारीरिक शिक्षा विभाग, संस्कृत, उर्दू, दर्शनशास्र, वाणिज्य, प्राणि विज्ञान,अर्थशास्त्र, गणित एवं सांख्यिकी, ललित कला एवं संगीत, इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी संकाय, विज्ञान संकाय और वाणिज्य संकाय के अधीन संचालित होते हैं।अभ्यर्थियों को निर्देशित किया गया है कि वे निर्धारित तिथि, स्थान और समय पर अपने मूल अंकपत्रों, सभी जरूरी प्रमाणपत्रों जैसे जाति, आय तथा वेटेज आदि तथा उनकी स्वहस्ताक्षरित छायाप्रतियों के एक सेट के साथ उपस्थित होंगे। किसी भी कक्षा में प्रवेश के लिए अभ्यर्थी को न्यूनतम अर्हता तथा योग्यता प्रदायी परीक्षा में उत्तीर्ण होना आवश्यक है। प्रमाणपत्र सत्यापन के बाद अगले दिन अभ्यर्थी ऑनलाइन शुल्क जमा करेंगे तथा रसीद को विभागों में प्रस्तुत करेंगे। इसके बाद उन्हें प्रवेश होने की अभ्यर्थी प्रति प्राप्त होगी। समय से शुल्क जमा न करने वाले अभ्यर्थियों का प्रवेश निरस्त कर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *