पांच साल बाद भी नहीं बनी सड़क, ग्रामीणों में आक्रोश

पूर्वा टाइम्स -बेचन शर्मा

सहजनवा गोरखपुर।सहजनवा तहसील अंतर्गत विकास खंड पाली क्षेत्र में ग्राम सभा भैसला–सुरदही को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग पिछले लगभग पाँच वर्षों से निर्माण की बाट जोह रहा है। सड़क न बनने से ग्रामीणों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। भैसला ग्राम पंचायत के अंतर्गत सुरदही राजस्व गांव आता है।
ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार ग्राम प्रधान और ग्राम विकास अधिकारी (वीडीओ) को सड़क निर्माण की मांग से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। बरसात के मौसम में मार्ग की स्थिति और भी खराब हो जाती है, जिससे पैदल चलना और दोपहिया वाहनों का आवागमन तक मुश्किल हो जाता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि चुनाव के समय जनप्रतिनिधि विकास के बड़े-बड़े वादे करते हैं, लेकिन चुनाव समाप्त होने के बाद इस सड़क की ओर कोई ध्यान नहीं देता। ग्रामीणों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि जल्द सड़क निर्माण शुरू नहीं कराया गया तो वे संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
ग्रामीण जसवीर यादव, अरविंद प्रसाद, अजय यादव, रोहित प्रसाद और केशवन ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृत कराकर जल्द शुरू कराया जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को वर्षों से चली आ रही समस्या से राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *