नर सेवा नारायण सेवा के तहत शनिवार को बांटी गई खिचड़ी और फल
लगातार 139 शनिवार से जन सेवा मे सक्रिय समाज का मिल रहा भरपूर सहयोग
पूर्वा टाइम्स – समाचार
सोनभद्र। चोपन सेवा ही संकल्प के उद्देश्य के साथ संचालित नर सेवा नारायण सेवा के तत्वावधान में प्रत्येक शनिवार आयोजित होने वाला निःशुल्क खिचड़ी वितरण कार्यक्रम इस सप्ताह भी निरंतर जारी रहा। लगातार 139वें शनिवार को आयोजित इस सेवा अभियान में विश्व हिन्दू परिषद के जिलाध्यक्ष विद्याशंकर पाण्डेय के सौजन्य से खिचड़ी एवं फल वितरण का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अंतर्राष्ट्रीय कथावाचक दिलीप कृष्ण भारद्वाज ने जरूरतमंदों को खिचड़ी वितरित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाना ही सच्ची मानवता है। ऐसे सेवा कार्य समाज में परस्पर सहयोग, करुणा और सद्भाव की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने नर सेवा नारायण सेवा द्वारा लगातार 139 सप्ताह से किए जा रहे इस पुनीत कार्य की सराहना करते हुए इसे अनुकरणीय पहल बताया। आयोजक मनोज चौबे ने कार्यक्रम में सहयोग करने वाले सभी सहयोगियों, समाजसेवियों एवं उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के लोगों के निरंतर सहयोग और विश्वास के कारण ही यह सेवा अभियान बिना किसी बाधा के लगातार 139 शनिवार से संचालित हो रहा है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी जरूरतमंदों की सेवा का यह क्रम निरंतर जारी रहेगा। कार्यक्रम में गौ वसुंधरा के संयोजक हिमांशु कुमार सहित उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं को नगर मे किये जा रहे समाजिक कार्यों को लेकर कथावाचक पं दिलीप कृपा भारद्वाज जी द्वारा अंगवसत्र देकर सम्मानित किया इस दौरान पूरी टीम ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई और खिचड़ी एवं फल वितरण में सहयोग किया। बड़ी संख्या में जरूरतमंद, राहगीरों, श्रमिकों एवं आम नागरिकों ने प्रसाद स्वरूप खिचड़ी ग्रहण कर आयोजकों के इस सेवा भाव की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने कहा कि वर्तमान समय में इस प्रकार के सामाजिक एवं मानवीय प्रयास समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। नर सेवा नारायण सेवा द्वारा प्रत्येक शनिवार नियमित रूप से किए जा रहे इस सेवा कार्य को स्थानीय नागरिकों का लगातार भरपूर सहयोग एवं समर्थन मिल रहा है, जिससे यह अभियान जनसेवा का एक सशक्त उदाहरण बन चुका है। इस मौके पर सुनील तिवारी, रजनीकांत सिंह, ऐडवोकेट दिनेश पाण्डेय,सत्यप्रकाश तिवारी, समाजसेवी अनील सिंह, ओमप्रकाश, विकास चौबे,मिंटू तिवारी,फम्मी केशरी, गोपाल मोदनवाल, विकास दूबे, प्रदीप गिरी, अतूल शुक्ला,सत्यदेव पाण्डेय, रजत कुमार, हिमांशु चौबे, मनीष कुमार, शाहिद हूसैन, प्रींस चौबे के साथ ही आचार्य पं पंकज शास्त्री आदि मौजूद रहे |









