कवरेज के दौरान पत्रकार का मोबाइल छीनने का आरोप, पत्रकार संगठनों में रोष
गोरखपुर। बीती रात गिरफ्तारी की कवरेज कर रहे पत्रकार अमित भारती का मोबाइल कथित तौर पर कोतवाली पुलिस द्वारा छीनने और रिकॉर्डिंग डिलीट कराने के आरोप को लेकर पत्रकार संगठनों में भारी नाराजगी है। गोरखपुर जर्नलिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं प्रेस क्लब गोरखपुर के संरक्षक रत्नाकर सिंह ने इसे लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर सीधा प्रहार बताया।
पत्रकार वार्ता में उनके साथ गोरखपुर जर्नलिस्ट एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनोज श्रीवास्तव ‘गणेश’, प्रेस क्लब गोरखपुर के कार्यकारी अध्यक्ष राधेश्याम प्रजापति तथा महामंत्री वहाब खान भी मौजूद रहे।
रत्नाकर सिंह ने बताया कि शुक्रवार देर रात करीब 11:30 बजे पत्रकार अमित भारती ने उन्हें फोन कर बताया कि कोतवाली पुलिस सपा नेता अरविंद उपेंद्र दत्त शुक्ला को सपा महानगर अध्यक्ष शब्बीर कुरैशी के आवास से गिरफ्तार कर रही थी। इस दौरान अन्य लोगों के साथ अमित भारती भी वीडियो रिकॉर्डिंग कर रहे थे। आरोप है कि प्रभारी निरीक्षक कोतवाली छत्रपाल सिंह और क्षेत्राधिकारी कोतवाली ओंकार दत्त तिवारी ने उन्हें रिकॉर्डिंग से रोका तथा नखास चौकी प्रभारी दुर्गेश वैश्य ने उनका मोबाइल अपने कब्जे में ले लिया।
सिंह ने कहा कि करीब ढाई घंटे बाद मोबाइल वापस किया गया और इस दौरान रिकॉर्डिंग भी डिलीट कराई गई। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर किस अधिकार और किस अपराध में पत्रकार का मोबाइल छीना गया। पत्रकार संगठनों ने घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। साथ ही कहा कि इस मामले को जिला स्थायी समिति की बैठक में उठाने के साथ प्रेस क्लब ऑफ इंडिया और मानवाधिकार आयोग से भी शिकायत की जाएगी।








