बच्चों की आँखों की सुरक्षा के लिए निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन

गोरखपुर। वर्तमान समय में बच्चों द्वारा मोबाइल, टैबलेट और अन्य डिजिटल स्क्रीन का लगातार बढ़ता उपयोग उनकी आँखों के स्वास्थ्य के लिए चिंता का विषय बनता जा रहा है। लंबे समय तक स्क्रीन देखने से आँखों में थकान, सूखापन, सिरदर्द, धुंधला दिखाई देना, ध्यान केंद्रित करने में कठिनाई तथा कम उम्र में चश्मे की आवश्यकता जैसी समस्याएँ बढ़ रही हैं।
इन्हीं समस्याओं के प्रति अभिभावकों को जागरूक करने तथा बच्चों की आँखों की समय पर जाँच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बच्चों की आँखों का निःशुल्क नेत्र जांच शिविर आयोजित किया जा रहा है।
शिविर में अनुभवी नेत्र रोग विशेषज्ञों द्वारा बच्चों की दृष्टि, चश्मे की आवश्यकता, भेंगापन, आलसी आँख (लेज़ी आई) तथा अन्य नेत्र रोगों की विस्तृत जाँच की जाएगी। आवश्यकता अनुसार उचित परामर्श एवं उपचार की सलाह भी दी जाएगी।
विशेषज्ञों ने अभिभावकों से अपील की है कि 16 वर्ष से कम आयु के बच्चों को अनावश्यक रूप से मोबाइल न दें तथा बड़े बच्चों के स्क्रीन समय को सीमित रखें। पढ़ाई के दौरान पर्याप्त रोशनी रखें, बीच-बीच में आँखों को आराम दें, बाहर खेलकूद को प्रोत्साहित करें और नियमित नेत्र परीक्षण अवश्य कराएँ।
सभी अभिभावकों से अनुरोध है कि
मित्तल आई हॉस्पिटल बेतियाहाता में 10 जुलाई 2026 को सुबह 10 से दोपहर 2 के बीच अपने बच्चों को इस निःशुल्क नेत्र जांच शिविर में लेकर आएँ और उनकी आँखों के स्वस्थ भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाएँ।








