पत्रकारों को मिला एक लाख रुपये तक का दुर्घटना बीमा सुरक्षा कवच

वायदा निभाया- गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब के पत्रकारों को मिला एक लाख रुपये तक का दुर्घटना बीमा सुरक्षा कवच

गोरखपुर। पत्रकार केवल खबरें नहीं लिखते, बल्कि समाज की आवाज़ बनकर हर परिस्थिति में अपनी जिम्मेदारियां निभाते हैं। ऐसे ही पत्रकार साथियों की सुरक्षा और भविष्य की चिंता करते हुए गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब के कोषाध्यक्ष एवं मान्यता प्राप्त पत्रकार दुर्गेश यादव ने एक सराहनीय और प्रेरणादायी पहल की है।
अपने वायदे को निभाते हुए दुर्गेश यादव ने गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब से जुड़े पत्रकार साथियों का दुर्घटना (एक्सीडेंटल) बीमा अपने निजी खर्च पर नेशनल इंश्योरेंस कंपनी के माध्यम से कराया है। यह कदम पत्रकारों के प्रति उनके समर्पण, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का परिचायक माना जा रहा है। उनकी इस पहल की पत्रकार जगत में व्यापक सराहना हो रही है।
दुर्गेश यादव का कहना है कि पत्रकार दिन-रात फील्ड में रहकर कठिन और कई बार जोखिम भरी परिस्थितियों में अपनी जिम्मेदारियां निभाते हैं। ऐसे में उन्हें एक बुनियादी सुरक्षा कवच उपलब्ध कराना समय की आवश्यकता है, ताकि किसी अप्रिय दुर्घटना की स्थिति में उन्हें या उनके परिवार को आर्थिक संबल मिल सके।
बीमा योजना के तहत दुर्घटना में मृत्यु अथवा घायल होने की स्थिति में एक लाख रुपये तक का जोखिम कवर प्रदान किया जाएगा। यह सुरक्षा कवच आपात परिस्थितियों में पत्रकार परिवारों के लिए महत्वपूर्ण सहारा साबित होगा।
उन्होंने बताया कि यह पूरी पहल व्यक्तिगत स्तर पर केवल पत्रकार साथियों के हित और उनकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए की गई है। जिन पत्रकार साथियों ने अभी तक अपना आधार कार्ड उपलब्ध नहीं कराया है, उनसे अपील की गई है कि वे आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराकर इस सुविधा का लाभ प्राप्त करें।
यह दुर्घटना बीमा 23 जून 2026 से 22 जून 2027 तक प्रभावी रहेगा। अधिक जानकारी के लिए इच्छुक पत्रकार साथी प्रेस क्लब के कार्यालय प्रभारी से संपर्क कर सकते हैं।
दुर्गेश यादव की यह पहल इस बात का संदेश देती है कि संगठन केवल शब्दों से नहीं, बल्कि साथियों की सुरक्षा और सम्मान के लिए किए गए ठोस कार्यों से मजबूत बनते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *