बी-पैक्स सहकारी समिति का शुभारंभ किया गया आयोजित

किसानों को बेहतर खाद एवं सहकारी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर दिया जोर।

पूर्वा टाइम्स -बेचन शर्मा

गोरखपुर। विकास खंड सहजनवा के ग्राम सभा खीरीडाड़ में मंगलवार को बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति (बी-पैक्स) खीरीडाड़ का शुभारंभ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन सहजनवा विधायक प्रदीप शुक्ला ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया। उद्घाटन के साथ ही किसानों को सहकारी सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराने की दिशा में एक नई शुरुआत हुई।
इस अवसर पर विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों को समय पर खाद, बीज और अन्य कृषि सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। बी-पैक्स समितियां ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ किसानों को पारदर्शी एवं सुलभ सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। उन्होंने किसानों से सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में समिति के अध्यक्ष सत्यवान सिंह, उपाध्यक्ष अनिल पासवान, बैंक डायरेक्टर रुद्र प्रताप सिंह, सचिव रवि प्रताप सिंह, ग्राम प्रधान विजय कुमार त्रिपुरारी, बीडीओ कोऑपरेटिव रामकेशव प्रसाद, कोऑपरेटिव अधिकारी नीरज कुमार सहित क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि, किसान एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
उद्घाटन समारोह के दौरान प्रतीकात्मक रूप से किसान नवीन उपाध्याय को यूरिया वितरित कर खाद वितरण अभियान का शुभारंभ किया गया। किसानों ने समिति के संचालन से समय पर खाद एवं अन्य कृषि सुविधाएं मिलने की उम्मीद जताई।
कार्यक्रम का संचालन सतीश पासवान ने किया। अंत में सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए किसानों से सहकारी समिति के माध्यम से उपलब्ध सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की गई। उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में किसान एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *