जनपद सोनभद्र में 22 नवम्बर को आयोजित होगी सिविल डिफेन्स एयर रेड/ब्लैकआउट मॉक एक्सरसाइज-2026

पुलिस लाइन चुर्क में होगा मॉक एक्सरसाइज का आयोजन, हवाई हमले की चेतावनी से लेकर घायलों को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाने तक की कार्रवाई का होगा अभ्यास

पूर्वा टाइम्स – ब्यूरो
सोनभद्र -जिलाधिकारी, सोनभद्र चर्चित गौड़ ने अवगत कराया है कि पुलिस महानिदेशक, नागरिक सुरक्षा, उत्तर प्रदेश, लखनऊ एवं नागरिक सुरक्षा, गृह मंत्रालय, भारत सरकार, नई दिल्ली द्वारा प्राप्त निर्देशों के क्रम में जनपदों में नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवकों, होमगार्ड्स एवं एन०सी०सी० कैडेट्स को सम्मिलित करते हुए आगामी 23 नवम्बर, 2026 से 27 नवम्बर, 2026 के मध्य द्वितीय मॉक एक्सरसाइज आयोजित कराए जाने की अपेक्षा की गई है।
उन्होंने बताया कि शासन के निर्देशों के क्रम में उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, लखनऊ द्वारा निर्गत पत्र तथा अनु सचिव, उत्तर प्रदेश शासन, नागरिक सुरक्षा अनुभाग, लखनऊ के पत्र के क्रम में प्रमुख सचिव, नागरिक सुरक्षा, उत्तर प्रदेश शासन की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग आयोजित की गई, जिसमें स्पष्ट दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। उक्त निर्देशों के अनुपालन में जनपद के आपदा मित्र के रूप में प्रशिक्षित होमगार्ड्स एवं इच्छुक उपलब्ध स्वयंसेवकों को दिनांक 22 नवम्बर, 2026 को आयोजित होने वाली Civil Defence Air Raid/Blackout Mock Exercise-2026 में प्रतिभाग कराया जाना है।
जिलाधिकारी ने बताया कि उक्त मॉक एक्सरसाइज के सफल आयोजन हेतु निम्नलिखित प्रक्रियाएं निर्धारित की गई हैं। इसके अंतर्गत ब्लैकआउट मॉक एक्सरसाइज आयोजित कराने हेतु स्थान का चयन, समस्त संबंधित विभागों के साथ बैठक कर मॉक ड्रिल की कार्ययोजना तैयार करना, मॉक ड्रिल में प्रतिभाग करने हेतु स्वयंसेवकों को चिह्नित करना तथा निर्धारित समय पर मॉक ड्रिल प्रारंभ करना शामिल है।
मॉक ड्रिल के दौरान हवाई हमले की चेतावनी हेतु दो मिनट तक ऊंची-नीची आवाज में सायरन ध्वनित किया जाएगा। सायरन बजते ही सभी संबंधित क्षेत्रों की विद्युत व्यवस्था बाधित कर ब्लैकआउट किया जाएगा तथा सभी नागरिकों द्वारा जमीन पर लेटकर सुरक्षित स्थान पर शरण लेने का अभ्यास किया जाएगा। हवाई हमला समाप्त होने पर दो मिनट तक ऊंची आवाज में ऑल क्लियर सायरन ध्वनित किया जाएगा। इसके उपरांत नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवकों द्वारा फायर एक्सटिंग्विशर का प्रयोग कर आग बुझाने का अभ्यास किया जाएगा तथा बड़ी आग बुझाने हेतु फायर सर्विस द्वारा फायर टेंडर का प्रयोग किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि हवाई हमले के दौरान घायल हुए लोगों को नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवकों द्वारा प्राथमिक चिकित्सा प्रदान की जाएगी तथा गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को एम्बुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया जाएगा। इसके अतिरिक्त ध्वस्त भवनों में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की कार्रवाई का अभ्यास किया जाएगा। समस्त प्रक्रियाएं पूर्ण होने के उपरांत मॉक ड्रिल समाप्ति की घोषणा की जाएगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि मॉक एक्सरसाइज के सफल संचालन हेतु आवश्यक उपकरणों की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी। इसमें अग्निशमन के लिए वाटर टाइप एक्सटिंग्विशर, फोम टाइप एक्सटिंग्विशर, कार्बन डाईऑक्साइड एक्सटिंग्विशर एवं ड्राई केमिकल पाउडर एक्सटिंग्विशर शामिल हैं। प्राथमिक चिकित्सा हेतु फर्स्ट एड किट, स्ट्रेचर, तिकोनी पट्टी, रोलर बैंडेज आदि की व्यवस्था की जाएगी। हवाई हमले की चेतावनी प्रसारित करने हेतु सायरन उपलब्ध रहेगा। छोटी आग लगाने के प्रदर्शन हेतु सूखी लकड़ियां, डीजल/पेट्रोल तथा बड़ी आग के प्रदर्शन हेतु आवश्यक स्ट्रक्चर का निर्माण भी कराया जाएगा।
उन्होंने अवगत कराया कि उत्तर प्रदेश शासन एवं उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशों के अनुसार दिनांक 22 नवम्बर, 2026 को सायं 06:00 बजे मॉक एक्सरसाइज के आयोजन हेतु पुलिस लाइन, चुर्क का चयन कार्यक्रम स्थल के रूप में किया गया है। यहां समस्त संबंधित विभागों के नामित अधिकारी अपनी-अपनी टीम एवं मॉक ड्रिल हेतु निर्धारित उपकरणों के साथ एक घंटा पूर्व उपस्थित रहेंगे तथा मॉक ड्रिल का सफलतापूर्वक आयोजन सुनिश्चित करेंगे।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार निर्धारित मॉक एक्सरसाइज के आयोजन से पूर्व आवश्यक कार्ययोजना तैयार करने हेतु उनकी अध्यक्षता में दिनांक 19 नवम्बर, 2026 को समय अपराह्न 04:30 बजे कलेक्ट्रेट सभागार कक्ष में आवश्यक बैठक आहूत की गई है। समस्त नामित एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपनी-अपनी विभागीय कार्ययोजना के साथ बैठक में समय से प्रतिभाग करना सुनिश्चित करें, जिससे निर्धारित तिथि 22 नवम्बर, 2026 को मॉक एक्सरसाइज का सफल आयोजन, कुशल संचालन एवं समापन की कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *