महर्षि वाल्मीकि जयंती पर जनपद के मंदिरों में रामायण पाठ एवं भजन-कीर्तन का आयोजन

श्रीराम जानकी मंदिर, रॉबर्ट्सगंज में ब्लॉक प्रमुख अजीत रावत ने आरती एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से रामायण के आदर्शों एवं मानवीय मूल्यों का दिया गया संदेश
पूर्वा टाइम्स – ब्यूरो

सोनभद्र -महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर आज जनपद सोनभद्र के विभिन्न मंदिरों एवं धार्मिक स्थलों पर रामायण पाठ, भजन-कीर्तन एवं भक्तिमय सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जनपद का मुख्य आयोजन श्रीराम जानकी मंदिर, रॉबर्ट्सगंज में हुआ, जहां श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ रामायण पाठ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय ब्लॉक प्रमुख अजीत रावत ने आरती एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया। इस अवसर पर पूर्व मंडल अध्यक्ष राहुल पटेल, पर्यटन अधिकारी राजेश भारती, जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह सहित अन्य संबंधित गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों के क्रम में आयोजित इन कार्यक्रमों का उद्देश्य महर्षि वाल्मीकि द्वारा रचित रामायण में निहित मानव मूल्यों, सामाजिक मूल्यों एवं राष्ट्रीय मूल्यों का व्यापक प्रचार-प्रसार करना तथा आमजन को भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से जोड़ना है। इस अवसर पर मंदिरों एवं धार्मिक स्थलों पर दीप प्रज्ज्वलन, दीपदान, रामायण पाठ, भजन-कीर्तन सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन आयोजनों के माध्यम से रामायण में वर्णित आदर्शों, मर्यादा, सामाजिक समरसता एवं मानवीय मूल्यों का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया।
श्रीराम जानकी मंदिर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान स्थानीय कलाकारों द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सहभागिता कर महर्षि वाल्मीकि के विचारों तथा रामायण में निहित आदर्शों को आत्मसात करने का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *