मतदेय स्थलों के संभाजन को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी श्री चर्चित गौड़ ने मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ की बैठक
निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप मतदेय स्थलों की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर हुई चर्चा
पूर्वा टाइम्स – ब्यूरो
सोनभद्र। जिला निर्वाचन अधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में मतदेय स्थलों के संभाजन के संबंध में मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदेय स्थलों के संभाजन से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई तथा भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित मानकों एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
बैठक के दौरान मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मतदेय स्थलों की व्यवस्था, मतदान प्रक्रिया को सुगम बनाने तथा निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं को व्यवस्थित एवं पारदर्शी बनाए रखने से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही, मतदेय स्थलों के संभाजन की प्रक्रिया में निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने तथा संबंधित अधिकारियों और राजनैतिक दलों के बीच समन्वय बनाए रखने पर बल दिया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्वाचन संबंधी कार्यों को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप समयबद्ध एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने की आवश्यकता पर जोर दिया।
बैठक में भाजपा के पूर्व जिला मंत्री सुनील सिंह, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के पीसीसी आब्जर्वर राजीव त्रिपाठी, सीपीआई (एम) के नंदलाल आर्य एवं प्रेम नाथ, बसपा जिलाध्यक्ष रामचंद्र रत्ना, बहुजन समाज पार्टी के प्रभारी डॉ. ओमप्रकाश, समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष रामनिहोर यादव तथा समाजवादी पार्टी के अनिल प्रधान, आप के जिलाध्यक्ष रमेश गौतम उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी वागीश कुमार शुक्ला, उप जिलाधिकारी घोरावल विशाल कुमार, उप जिलाधिकारी सदर आशीष कुमार त्रिपाठी, उप जिलाधिकारी ओबरा रवि कुमार, उप जिलाधिकारी दुद्धी अशोक कुमार तथा सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी जगरूप सिंह पटेल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

