खेलकूद प्रतियोगिता में राधिका सीनियर सेकेंड्री स्कूल का रहा दबदबा
पूर्वा टाईम्स – रणधीर कुमार
गोरखपुर। सेंट्रल पब्लिक स्कूल नई बाजार चौरीचौरा में आयोजित अंतर्विद्यालयीय खेलकूद प्रतियोगिता में राधिका सीनियर सेकेंड्री स्कूल करवल मझगावां के विद्यार्थियों ने विभिन्न खेलों में अपना परचम लहराया। 100 मीटर दौड़ में राधिका विद्यालय की इशिता शाही प्रथम, लक्ष्मी राय द्वितीय व सुहानी सिंह तृतीय ने तीनों स्थान पर कब्जा कर लिया। 100 मीटर बालक वर्ग में द्वितीय स्थान पर अनीश यादव और तृतीय स्थान पर शिवम यादव रहे। रिले रेस बालिका वर्ग में भी राधिका विद्यालय की बालिकाओं का बोलबाला रहा और स्वर्ण पदक अपने नाम किया। सीनियर कबड्डी बालक वर्ग में अमन और आदित्य के शानदार प्रदर्शन से राधिका विद्यालय की खिलाड़ियों ने सबको हराते हुए स्वर्ण पदक और विजेता ट्राफी अपने नाम किया। खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर प्रबंधक ई. वीके सिंह ने सभी खिलाड़ियों का स्वागत किया। निदेशक पुनीत सिंह ने कहा हम सभी तरह के प्लेटफार्म उपलब्ध करा छात्रों के चतुर्दिक विकास हेतु प्रतिबद्ध हैं। प्रधानाचार्य सुजॉय विश्वास ने छात्रों व खेल प्रशिक्षकों को बधाई दिया।इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक व शिक्षिकाएं मौजूद रहीं।









