मंडलायुक्त की मौजूदगी में रॉबर्ट्सगंज तहसील में आयोजित हुआ विशेष पिंक संपूर्ण समाधान दिवस
महिलाओं की शिकायतों के प्राथमिकता पर निस्तारण के मंडलायुक्त ने दिए निर्देश
पिंक संपूर्ण समाधान दिवस में चारों तहसीलों में कुल 209 शिकायतें प्राप्त हुई, 33 का मौके पर हुआ निस्तारण महिलाओं से संबंधित 18 का मौके पर ही हुआ निस्तारण
पूर्वा टाइम्स – ब्यूरो
सोनभद्र -शारदीय नवरात्रि वर्ष-2026 के अंतर्गत संचालित मिशन शक्ति अभियान के तहत शनिवार को रॉबर्ट्सगंज तहसील में विशेष पिंक संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। मंडलायुक्त विंध्याचल मंडल राजेश प्रकाश, जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा की मौजूदगी में आयोजित इस समाधान दिवस में महिलाओं की समस्याओं एवं शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर सुनते हुए उनके गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। संपूर्ण समाधान दिवस मण्डाला आयुक्त विन्ध्याचल मंण्डल राजेश प्रकाश की अध्यक्षता मे किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 209 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 33 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। जिसमें महिलाओं से संबंधित कुल 18 शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही किया गया।
मंडलायुक्त राजेश प्रकाश ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत आयोजित पिंक संपूर्ण समाधान दिवस का उद्देश्य महिलाओं को अपनी समस्याओं एवं शिकायतों के समाधान के लिए प्रभावी मंच उपलब्ध कराना, उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देना है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि महिलाओं की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा प्रत्येक शिकायत पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि पिंक संपूर्ण समाधान दिवस महिलाओं की समस्याओं के समाधान के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि महिलाओं की शिकायतों का संवेदनशीलता एवं गंभीरता के साथ संज्ञान लेते हुए उनका निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जिन शिकायतों का मौके पर निस्तारण संभव है, उनका तत्काल निस्तारण किया जाए तथा जिन मामलों में स्थलीय जांच की आवश्यकता है, उनमें संबंधित अधिकारी मौके पर जाकर जांच करते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत आयोजित इस विशेष पिंक संपूर्ण समाधान दिवस का उद्देश्य महिलाओं को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी मंच उपलब्ध कराने के साथ ही उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देना है। इस दौरान महिलाओं की शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया।

