गांधी के विचारों पर जंग, सान्या ने मारी बाजी

शिक्षा निकेतन में वाद विवाद प्रतियोगिता

संवाददाता – भोला प्रसाद गुप्ता
ओबरा (सोनभद्र)। गांधी जयंती पर शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज में गुरुवार को विचारों की ऐसी जंग छिड़ी कि कभी सत्य और अहिंसा के तर्क गूंजे तो कभी आधुनिक दौर की चुनौतियों ने सवाल खड़े किए। मौका था ‘गांधीवादी जीवन-दृष्टि आज भी प्रासंगिक है’ विषय पर आयोजित वाद-विवाद प्रतियोगिता का। विद्यार्थियों ने पक्ष और विपक्ष में दमदार तर्क रखकर अपनी प्रभावकारी क्षमता का परिचय दिया।
पक्ष में बोलते हुए विद्यार्थियों ने कहा कि आज के दौर में झूठ, दिखावा, हिंसा और बढ़ते उपभोक्तावाद के बीच गांधीजी के सत्य, अहिंसा, सादगी, सेवा और स्वावलंबन के विचार समाज को बेहतर दिशा दे सकते हैं। वहीं विपक्ष में विद्यार्थियों ने तर्क दिया कि गांधीजी के समय की परिस्थितियां आज से अलग थीं। आधुनिक विज्ञान, तकनीक, वैश्विक अर्थव्यवस्था, सुरक्षा और बड़े पैमाने पर विकास की जरूरतों के बीच उनके विचारों को उसी रूप में लागू करना चुनौतीपूर्ण है।
प्रतियोगिता में दोनों पक्षों से विद्यार्थियों ने पूरे आत्मविश्वास के साथ तर्क प्रस्तुत किए। वक्ताओं ने गांधीवादी विचारों को न तो पूरी तरह स्वीकार करने और न ही खारिज करने के बजाय बदलते समय के अनुरूप उनकी उपयोगिता और सीमाओं को समझने पर जोर दिया।
प्रतियोगिता में कक्षा 12 की सान्या भारद्वाज ने प्रथम, कक्षा 11 की रिषा कुमारी ने द्वितीय और कक्षा 11 की वैष्णवी अग्रहरि ने तृतीय स्थान हासिल किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य मुकुंद सिंह गौर ने की। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में तर्कशक्ति और अभिव्यक्ति का आत्मविश्वास बढ़ाती हैं। संचालन आचार्य प्रमोद चौबे ने किया। कार्यक्रम में शिक्षक-शिक्षिकाओं समेत बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *