गांधी जयंती पर विद्यालयों में विशेष विधिक जागरूकता शिविर आयोजित

पूर्वा टाइम्स – ब्यूरो

सोनभद्र। राहुल, सिविल जज सी0डि0/सचिव (पूर्णकालिक), जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सोनभद्र ने अवगत कराया कि उ0प्र0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के पत्र संख्या-3273/एसएलएसए-224/2026 (कुलदीप/ऋ) दिनांक 21.09.2026 के निर्देशानुसार एवं माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सोनभद्र के आदेशानुसार 02 अक्टूबर 2026 को गांधी जयंती के अवसर पर जनपद के विभिन्न विद्यालयों में विशेष विधिक जागरूकता शिविरों का आयोजन किया गया। शिविरों में विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के किशोरों, बालकों एवं बालिकाओं को लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम, 2012 (POCSO Act) के संबंध में सरल एवं उपयोगी जानकारी प्रदान की गई।
उन्होंने बताया कि आदर्श इण्टर कॉलेज राबर्ट्सगंज, संत जेवियर्स उ0मा0 विद्यालय राबर्ट्सगंज, गुरूनानक बालिका इण्टर कॉलेज, विन्ध्य सोन इण्टर कॉलेज सजौर, राजकीय बालिका इण्टर कॉलेज दुद्धी एवं राजकीय इण्टर कॉलेज घोरावल में न्यायिक अधिकारियों द्वारा प्रतिभाग कर विद्यार्थियों को POCSO अधिनियम के प्रावधानों एवं बाल संरक्षण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। इस दौरान चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें सर्वश्रेष्ठ कला प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। किशोरों द्वारा विभिन्न नुक्कड़ नाटकों का मंचन कर भी जागरूकता का संदेश दिया गया।
राहुल ने बताया कि जागरूकता शिविरों में विद्यार्थियों को समझाया गया कि 18 वर्ष से कम आयु के बालक अथवा बालिका की सहमति का विधिक रूप से कोई महत्व नहीं है तथा ऐसे मामलों में कानून के प्रावधानों की जानकारी होना अत्यंत आवश्यक है। किसी भी प्रकार के लैंगिक अपराध की स्थिति में तत्काल परिजनों, शिक्षक, पुलिस अथवा विशेष किशोर पुलिस इकाई को सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यार्थियों को चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098, आपातकालीन नंबर 112 तथा नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 की जानकारी भी दी गई। शिविरों में एल0ए0डी0सी0, मध्यस्थ अधिवक्ताओं, पैनल अधिवक्ताओं एवं पराविधिक स्वयंसेवकों/अधिकार मित्रों ने भी प्रतिभाग किया तथा केन्द्र एवं राज्य सरकार एवं नालसा द्वारा संचालित विभिन्न विधिक सहायता एवं कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की। जिला विद्यालय निरीक्षक एवं बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा भी जनपद के विभिन्न विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कराए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *