स्कूली बच्चों से ईंट ढुलाई कराने पर प्रधानाध्यापिका को नोटिस, तीन दिन में मांगा जवाब.पूर्वा टाइम्स – समाचार
सोनभद्र -घोरावल विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय पूरनाकलां में बच्चों से ईंट ढुलवाने के मामले में बेसिक शिक्षा विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है। सोशल मीडिया पर 27 अगस्त 2026 को प्रसारित वीडियो का संज्ञान लेते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, सोनभद्र ने विद्यालय की प्रधानाध्यापिका माण्डवी कुमारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो के अवलोकन के बाद विभाग के संज्ञान में आया कि विद्यालय की टूटी बाउंड्री के निर्माण कार्य के लिए विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों से ईंट ढुलाई कराई जा रही थी। वीडियो सामने आने के बाद मामले को लेकर सवाल उठे थे कि आखिर पढ़ाई करने वाले बच्चों से निर्माण कार्य में मजदूरी जैसा काम क्यों कराया जा रहा है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है कि विद्यालय की बाउंड्री के निर्माण के लिए राजगीर मिस्त्री और श्रमिक भी लगाए गए हैं। इसके बावजूद बच्चों से ईंट ढुलाई का कार्य कराया जाना विभागीय निर्देशों के विपरीत है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों से श्रम कराया जाना प्रतिबंधित है और इस तरह की गतिविधि बाल श्रम की श्रेणी में आती है। नोटिस में बच्चों से निर्माण कार्य कराए जाने को अत्यंत निंदनीय, शासन की मंशा के विपरीत तथा विभागीय आदेशों और निर्देशों का उल्लंघन बताया गया है। मामले में प्रधानाध्यापिका माण्डवी कुमारी को निर्देश दिया गया है कि वह पूरे प्रकरण के संबंध में युक्तिसंगत कारणों सहित अपना स्पष्टीकरण तीन दिवस के भीतर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में उपलब्ध कराएं। विभाग ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समय के भीतर स्पष्टीकरण प्राप्त नहीं होने अथवा दिया गया जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने की स्थिति में संबंधित प्रधानाध्यापिका के खिलाफ नियमानुसार कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। नोटिस में इस कार्रवाई की पूरी जिम्मेदारी संबंधित की होने की बात कही गई है।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद सामने आए मामले में अब विभागीय कार्रवाई शुरू होने से विद्यालय में बच्चों से कराए गए निर्माण कार्य को लेकर जिम्मेदारी तय होने की उम्मीद है।


