ओबरा नगर पंचायत ने संभाला मोर्चा: वार्ड 18 राजकुमारी नगर में जलजमाव से निपटने के लिए जेट पंप व विशेष सफाई अभियान पूर्वा टाइम्स – समाचार -ओबरा/सोनभद्र – लगातार हो रही बारिश के कारण ओबरा नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड नंबर 18 राजकुमारी नगर में उत्पन्न जलजमाव की स्थिति से निपटने के लिए नगर पंचायत प्रशासन सक्रिय हो गया है। नगर पंचायत द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में विशेष साफ-सफाई अभियान चलाने के साथ ही जलनिकासी के लिए जेट पंप लगाया गया।
नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी आशुतोष त्रिपाठी ने बारिश और जलजमाव से उत्पन्न स्थिति को गंभीरता से लेते हुए व्यवस्थाओं का निरीक्षण कराया। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को जलनिकासी और सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
वार्ड 18 राजकुमारी नगर में बारिश के पानी के जमा होने से स्थानीय लोगों को आवागमन सहित कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। इसकी सूचना मिलने पर नगर पंचायत की टीम ने मौके पर पहुंचकर साफ-सफाई शुरू कराई तथा जेट पंप के माध्यम से जमा पानी को निकालने की व्यवस्था की।
वही अधिशासी अधिकारी आशुतोष त्रिपाठी ने कहा कि बारिश के दौरान नगर क्षेत्र में जलजमाव की समस्या से निपटने के लिए नगर पंचायत पूरी तरह सतर्क है। जहां भी आवश्यकता होगी, वहां तत्काल सफाई, नालियों की व्यवस्था और जलनिकासी के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे।
स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत द्वारा समय रहते की गई कार्रवाई की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि बारिश के मौसम में इसी प्रकार नियमित रूप से सफाई और जलनिकासी की व्यवस्था की जाती रहेगी।
नगर पंचायत प्रशासन ने बताया कि बरसात के मौसम को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार नजर रखी जा रही है और जलजमाव की सूचना मिलने पर संबंधित टीमों को तत्काल मौके पर भेजकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी ।


