रॉबर्ट्सगंज में सड़क किनारे वेंडिंग की समस्या होगी खत्म, ओवरपास के नीचे विकसित होगा आधुनिक वेंडर जोन

एनसीएल ने सीएसआर के तहत रूपया 89.59 लाख की परियोजना को दी मंजूरी, स्ट्रीट वेंडरों को मिलेगा व्यवस्थित एवं सुरक्षित स्थान

जनप्रतिनिधियों एवं जिला प्रशासन के समन्वित प्रयासों से सोनभद्र के विकास को मिल रही गति, नगर क्षेत्र को बेहतर स्वरूप देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल

पूर्वा टाइम्स – समाचार

सोनभद्र -प्रदेश सरकार की विकासपरक एवं जनहितकारी नीतियों के क्रम में जनप्रतिनिधियों एवं जिला प्रशासन के समन्वित प्रयासों से जनपद सोनभद्र में विकास कार्यों को निरंतर गति मिल रही है। जनसुविधाओं के विस्तार, नगर क्षेत्रों को व्यवस्थित एवं बेहतर स्वरूप प्रदान करने तथा आमजन की समस्याओं के प्रभावी समाधान की दिशा में विभिन्न स्तरों पर निरंतर कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में रॉबर्ट्सगंज नगर क्षेत्र में सड़क किनारे एवं सार्वजनिक स्थानों पर अव्यवस्थित रूप से लगने वाले ठेले, पटरी दुकानों एवं अन्य स्ट्रीट वेंडरों की समस्या के स्थायी एवं व्यवस्थित समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है।
नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) द्वारा कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी सी0एस0आर0 के अंतर्गत रॉबर्ट्सगंज में ओवर ब्रिज के नीचे उपलब्ध स्थान पर वेंडर जोन विकसित करने की परियोजना को स्वीकृति प्रदान की गई है। इस परियोजना के लिए एनसीएल द्वारा रूपया 89,59,838.00 की धनराशि स्वीकृत की गई है।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि परियोजना के पूर्ण होने से नगर क्षेत्र में सड़क किनारे एवं सार्वजनिक स्थानों पर अव्यवस्थित रूप से दुकानें लगाने वाले स्ट्रीट वेंडरों को निर्धारित, सुरक्षित एवं व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराया जा सकेगा। इससे स्ट्रीट वेंडरों की आजीविका को सुरक्षित एवं स्थायित्व मिलेगा तथा नगर क्षेत्र में यातायात व्यवस्था, पैदल आवागमन, स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण में भी सुधार होगा। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रदेश सरकार की विकासपरक नीतियों के अनुरूप जनपद में विकास कार्यों को गति देने के साथ-साथ जनसामान्य की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। एनसीएल की सीएसआर निधि से प्रस्तावित यह परियोजना रॉबर्ट्सगंज नगर क्षेत्र को अधिक व्यवस्थित एवं सुविधायुक्त बनाने के साथ ही स्ट्रीट वेंडरों को सम्मानजनक एवं सुरक्षित आजीविका का अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
परियोजना का क्रियान्वयन एनसीएल मुख्यालय के सीएसआर विभाग एवं जिला प्रशासन, सोनभद्र के मध्य समझौता ज्ञापन एम0ओ0यू0 के माध्यम से किया जाएगा। परियोजना के अंतर्गत स्वीकृत धनराशि निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार चरणबद्ध रूप से जारी की जाएगी। कार्य की प्रगति एवं पूर्णता से संबंधित उपयोगिता प्रमाण-पत्र, पूर्णता प्रमाण-पत्र एवं जियो-टैग्ड फोटोग्राफ सहित आवश्यक अभिलेख निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार प्रस्तुत किए जाएंगे। एनसीएल द्वारा राजाराम यादव, उप प्रबंधक सी0डी0 को परियोजना प्रबंधक नामित किया गया है। परियोजना को मार्च 2027 तक पूर्ण किए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। यह परियोजना जनप्रतिनिधियों एवं जिला प्रशासन के समन्वित प्रयासों से जनपद सोनभद्र के समग्र एवं संतुलित विकास की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम है। इससे रॉबर्ट्सगंज नगर क्षेत्र में स्ट्रीट वेंडरों की समस्या के समाधान के साथ-साथ यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने, सार्वजनिक स्थानों को व्यवस्थित करने, स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण को बढ़ावा देने में भी मदद मिलेगी और विकसित एवं व्यवस्थित सोनभद्र की परिकल्पना को और मजबूती मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *