डीएम, एसपी, सीडीओ, डीपीआरओ सहित हिण्डालको प्रबंधन ने रवि सिंह को दी शुभकामनाएँ, भारत का प्रतिनिधित्व करने थाईलैंड के लिए हुए रवाना –
पूर्वा टाइम्स – समाचार
सोनभद्र -रेणुकूट (सोनभद्र, उत्तर प्रदेश)।
जनपद सोनभद्र के रेणुकूट निवासी एवं हिण्डालको इंडस्ट्रीज लिमिटेड, रेणुकूट के बॉयलर को-जनरेशन विभाग में कार्यरत रवि सिंह (पुत्र स्वर्गीय महामाया प्रसाद सिंह) अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए बुधवार को थाईलैंड के पटाया शहर के लिए रवाना हो गए। रवि सिंह 31 जुलाई से 2 अगस्त 2026 तक आयोजित होने वाली 9वीं हीरोज़ ताईक्वानडो इंटरनेशनल चैंपियनशिप-2026 में पुरुष वर्ग अंडर-58 किलोग्राम भार वर्ग में भारत की ओर से चुनौती पेश करेंगे। इस प्रतिष्ठित अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता में दुनिया के लगभग 30 देशों के खिलाड़ी भाग लेंगे रवि सिंह पहले भी कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का गौरव बढ़ा चुके हैं। उन्होंने यूरोप के देश रोमानिया में रजत (सिल्वर) पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया था। इसके अलावा नेपाल में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्वर्ण (गोल्ड) पदक जीतकर भी भारत का तिरंगा बुलंद किया उनकी इन उपलब्धियों ने उन्हें देश के उभरते हुए अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ियों में एक विशेष पहचान दिलाई है। रवि सिंह की इस उपलब्धि से न केवल रेणुकूट, बल्कि पूरे जनपद सोनभद्र और उत्तर प्रदेश में खुशी और गर्व का माहौल है। उनके परिवार, रिश्तेदारों, मित्रों तथा हिण्डालको परिवार ने उन्हें शुभकामनाएँ देते हुए प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन की कामना की है। थाईलैंड रवाना होने से पहले रवि सिंह ने कहा, “अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए गर्व का विषय है। देश के लिए खेलने का अवसर मिलना हर खिलाड़ी का सपना होता है। मैं पूरी मेहनत, लगन और समर्पण के साथ खेलते हुए अपने देश, प्रदेश और जनपद का नाम रोशन करने का पूरा प्रयास करूंगा।” रवि सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय अपने गुरु एवं अपने माता-पिता को देते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन, संस्कार और आशीर्वाद ने ही उन्हें इस मुकाम तक पहुँचाया है। रवि सिंह के थाईलैंड रवाना होने पर सोनभद्र के जिलाधिकारी चर्चित गौड़, पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) जागृति अवस्थी तथा जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) नमिता शरण ने उन्हें शुभकामनाएँ देते हुए प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन करने की कामना की। वहीं हिण्डालको इंडस्ट्रीज लिमिटेड रेणुकूट के यूनिट प्रमुख समीर नायक, क्लस्टर एचआर हेड जसबीर सिंह, एचआर हेड अजय सिन्हा तथा बॉयलर को-जनरेशन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों एवं सहकर्मियों ने भी रवि सिंह को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और स्वर्णिम सफलता की शुभकामनाएँ दीं। रवि सिंह की यह उपलब्धि जनपद सोनभद्र के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। अब एक बार फिर पूरे जिले और देशवासियों की निगाहें थाईलैंड में होने वाली इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता पर टिकी हैं, जहाँ सभी को उम्मीद है कि रवि सिंह एक बार फिर शानदार प्रदर्शन कर भारत के लिए पदक जीतेंगे और देश का मान-सम्मान बढ़ाएंगे।









