माननीय प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा का दो दिवसीय सोनभद्र दौरा, विकास कार्यों की समीक्षा और जनसंवाद पर रहेगा फोकस

पूर्वा टाइम्स – समाचार
सोनभद्र, 21 जुलाई। उत्तर प्रदेश सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के राज्य मंत्री एवं जनपद सोनभद्र के प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा का दो दिवसीय सोनभद्र भ्रमण कार्यक्रम जारी किया गया है। अपने दौरे के दौरान प्रभारी मंत्री विकास परियोजनाओं की समीक्षा, प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक, जनप्रतिनिधियों एवं पार्टी पदाधिकारियों से संवाद तथा भाजपा के बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में भाग लेंगे। 21 जुलाई की शाम प्रभारी मंत्री डाला स्थित अल्ट्राटेक गेस्ट हाउस पहुंचेंगे, जहां विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। इसके बाद मंडल के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों एवं पार्टी पदाधिकारियों से भेंट कर संगठनात्मक विषयों पर चर्चा करेंगे। 22 जुलाई की सुबह प्रभारी मंत्री अमवार गेस्ट हाउस पहुंचकर निर्माणाधीन कनहर डैम से संबंधित सिंचाई एवं अन्य परियोजनाओं की प्रगति की विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा करेंगे। इसके बाद वह दुद्धी पहुंचेंगे, जहां तहसील स्तरीय प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक, गांव चौपाल-संवाद तथा जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। दुद्धी स्थित पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में प्रभारी मंत्री प्रशासनिक अधिकारियों के साथ जनसमस्याओं, विकास कार्यों एवं कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक करेंगे। इस दौरान समन्वय समिति एवं कोर कमेटी की बैठक भी आयोजित होगी। भ्रमण कार्यक्रम के अंतिम चरण में प्रभारी मंत्री दुद्धी कृषि मंडी परिसर में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित विधानसभा बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *