जल संरक्षण का लें संकल्प, जल बचाना हम सबकी जिम्मेदारी-जिलाधिकारी चर्चित गौड़
भूजल सप्ताह के तहत संपूर्ण समाधान दिवस में जनजागरूकता का दिया संदेश
अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आमजन को दिलाई जल संरक्षण की शपथ
वर्षा जल संचयन और भूजल पुनर्भरण को जनआंदोलन बनाने का किया आह्वान
ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में व्यापक जनभागीदारी से संचालित होगा सात दिवसीय अभियान
पूर्वा टाइम्स – समाचार
सोनभद्र -घोरावल तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने प्रदेश सरकार द्वारा 16 से 22 जुलाई तक आयोजित भूजल सप्ताह के अंतर्गत उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आमजन को जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि इस वर्ष की थीम जल संरक्षण का करें संकल्प, इसका नहीं है कोई विकल्प केवल एक संदेश नहीं, बल्कि भविष्य की पीढ़ियों के लिए जल सुरक्षा सुनिश्चित करने का संकल्प है। जिलाधिकारी ने कहा कि भूजल संरक्षण के लिए वर्षा जल संचयन, तालाबों एवं पारंपरिक जल स्रोतों का संरक्षण, जल का विवेकपूर्ण उपयोग तथा भूजल पुनर्भरण को जनआंदोलन का स्वरूप देना समय की आवश्यकता है। उन्होंने प्रत्येक नागरिक से जल की प्रत्येक बूंद का महत्व समझते हुए अपने घर, गांव और आसपास जल संरक्षण के उपाय अपनाने की अपील की। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों को जल संरक्षण की शपथ भी दिलाई तथा निर्देश दिए कि भूजल सप्ताह के दौरान जन-जागरूकता रैली, पौधरोपण, जल निकायों का संरक्षण, वर्षा जल संचयन तथा अन्य निर्धारित गतिविधियां पूरी सक्रियता के साथ आयोजित की जाएं। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी हेमंत कुमार सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रमेश कुमार मिश्रा, जिला विकास अधिकारी, जिला कार्यक्रम समन्वयक (मनरेगा), जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।









