घर में घुसकर मारपीट, मिथिलेश की हालत गंभीर, मेडिकल कॉलेज रेफर


20 लोगों पर हमले का आरोप, पुलिस ने शुरू की जांच।
पूर्वा टाइम्स -बेचन शर्मा
सहजनवा गोरखपुर।थाना गीडा क्षेत्र के ग्राम बनगवां छोटका पुरवा में 17 जुलाई 2026 की सुबह करीब पांच बजे लाठी-डंडे और धारदार हथियारों से लैस करीब 20 लोगों द्वारा घर में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ का मामला सामने आया है।
पीड़ित अखिलेश पुत्र नरसिंह ने थाना गीडा को दी गई तहरीर में बताया कि गांव के सतीश कुमार, सचिन कुमार, अक्षय कुमार, संदीप कुमार, कृष्ण कुमार, सुमन कुमार, पुरुषोत्तम, शत्रुघन, हरिकेश, सुरेश, प्रभुनाथ, ईश्वर प्रसाद, अमरजीत, दीपचन्द, नकछेद, फूलचन्द, रीना देवी, पंकज और सुरेन्द्र समेत अन्य लोग उनके घर में घुस आए। सभी आरोपी बनगवां छोटका पुरवा के निवासी बताए जा रहे हैं।आरोप है कि हमलावरों ने अखिलेश की पत्नी सुनीता देवी, पिता नरसिंह, भाई मिथिलेश, अशोक और पुत्र कृष्ण व अखिलेश के साथ बेरहमी से मारपीट की। इस हमले में सुनीता देवी के दाहिने हाथ और सिर में गंभीर चोटें आई हैं। वहीं भाई मिथिलेश नरसिंह की हालत चिंताजनक बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद उच्च उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। पीड़िता ने यह भी कहा कि आरोपियों ने घर का दरवाजा का शीशा तोड़ दिया तथा जाते समय जान से मारने की धमकी दी।
घटना की सूचना के बाद पीड़ित परिवार ने थाने में लिखित तहरीर देकर सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई और मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर प्राप्त कर ली गई है। सभी घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।








