33 केवी मेन लाइन में ब्रेकडाउन ,10 घंटे तक 128 गांवों की बत्ती गुल

पूर्वा टाइम्स। सोनू गोंड
देवरिया। 33 केवी मेन लाइन शुक्रवार की भोर में अचानक ब्रेक डाउन हो गया, जिससे 128 गांव की बिजली आपूर्ति 10 घंटे तक ठप रही। इससे नगर पंचायत कस्बा सहित अन्य छोटे-बड़े कस्बों और गांवों की करीब 5 लाख आबादी को उमस भरी गर्मी से बेहाल होना पड़ा। बिजली कर्मियों के साथ निगम के अधिकारियों ने काफी मशक्कत के बाद दोपहर 1 बजे फॉल्ट को ठीक कर आपूर्ति बहाल की तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।

33/11 केवी बिजली घर की मेन लाइन की सप्लाई कुशीनगर जिले के कसया पॉवर हाउस से होती है। इससे उपकेंद्र पर लगे तरकुलवा, पथरदेवा, गढ़रामपुर और बंजरिया फीडरों के तरकुलवा, पथरदेवा, गढ़रामपुर, कंचनपुर, पचरुखिया, पकड़ी बाबू, कौलामुंडरा,गुलहरिया, बंजरिया, महुआपाटन, सोनहुला रामनगर, मुंडेरा बाबू, महुअवा बाजराटर सहित दर्जनों कस्बों और लगभग 128 गांवों को बिजली आपूर्ति दी जाती है।
इधर कुछ दिनों से आंधी बारिश होने से उपकेंद्र की बिजली व्यवस्था पूरी तरह लड़खड़ा चुकी है। कोई ऐसा दिन नहीं जब हल्की बारिश या आंधी आने पर मेन लाइन में ब्रेकडाउन एवं उपकेंद्र पर लगे फीडरों में तकनीकी खराबी से आपूर्ति बाधित न होती हो। इस बीच शुक्रवार की भोर में उपकेंद्र की 33 केवी मेन लाइन में कसया पॉवर हाउस के पास तकनीकी खराबी आ गई, जिसके चलते उपकेंद्र की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। जिससे 5 लाख की आबादी को उमस भरी गर्मी में बेहाल होना पड़ा। बिजली के बिना जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया। कस्बों के सभी व्यवसायिक प्रतिष्ठान ठप हो गए। घरों में लगे इनवर्टर डिस्चार्ज हो गए। पानी की टंकियां सूख गई। सबसे अधिक दिक्कत बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को झेलनी पड़ी।
जेई लवलेश सिंह ने बताया कि मेन लाइन में ब्रेकडाउन था, जिसे ठीक कर आपूर्ति चालू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *