महुली थाने में रिक्रूट आरक्षियों को ग्राम अपराध रजिस्टर के रख-रखाव का दिया गया प्रशिक्षण
पूर्वा टाइम्स ब्यूरो, संतकबीरनगर
पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी धनघटा अभयनाथ मिश्रा के निकट पर्यवेक्षण में थाना महुली पर नवनियुक्त रिक्रूट आरक्षियों को प्रशिक्षण के दौरान ग्राम अपराध रजिस्टर (रजिस्टर संख्या-08) के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
थानाध्यक्ष महुली दुर्गेश कुमार पाण्डेय ने प्रशिक्षण के दौरान रजिस्टर संख्या-08 के उद्देश्य, महत्व और उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए उसमें की जाने वाली सभी प्रविष्टियों, उनके क्रम, अभिलेखीकरण की प्रक्रिया तथा अद्यतन रख-रखाव की विधि से रिक्रूट आरक्षियों को अवगत कराया। उन्होंने अभिलेखों की शुद्धता, पारदर्शिता और समयबद्ध अद्यतन बनाए रखने के महत्व पर विशेष बल दिया।
प्रशिक्षण में बताया गया कि ग्राम अपराध रजिस्टर स्थानीय स्तर पर अपराध की प्रवृत्तियों का विश्लेषण, अपराधियों की गतिविधियों पर निगरानी तथा प्रभावी पुलिस कार्ययोजना तैयार करने का महत्वपूर्ण आधार होता है। इसलिए इसका सही एवं व्यवस्थित संधारण प्रत्येक पुलिसकर्मी का महत्वपूर्ण दायित्व है।
प्रशिक्षण के अंत में रिक्रूट आरक्षियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया तथा उन्हें नियमित प्रशिक्षण के माध्यम से अभिलेखीय एवं व्यावहारिक कार्यों में दक्ष बनने के लिए प्रेरित किया गया।








