दबंगों ने झोपड़ी उजाड़कर की बेरहमी से मारपीट, पांच घायल, इलाज के दौरान एक की मौत

पूर्वा टाइम्स समाचार
गोरखपुर। कैंपियरगंज थाना क्षेत्र के महुआरी टोला में दबंगों द्वारा झोपड़ी उजाड़ने के विरोध में हुई मारपीट में एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। पीड़ित परिवार ने शेष आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित पक्ष के अनुसार, महुआरी टोला निवासी मनोज पुत्र राम बेलाश अपनी झोपड़ी पर टपरा डाल रहे थे। इसी दौरान शाम करीब छह बजे गांव के कुछ लोग लाठी, खंती और लोहे की रॉड लेकर वहां पहुंचे और झोपड़ी उजाड़ने लगे। विरोध करने पर आरोप है कि अभिषेक पुत्र सुभाष ने लोहे की रॉड से मनोज के सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। बताया गया कि झगड़ा छुड़ाने पहुंचे जयहिंद पुत्र विनोद पर भी लाठी से हमला किया गया, जिससे उनके माथे पर गंभीर चोट आई। वहीं रेनू नामक युवती को पेट, पीठ और सिर पर चोटें आईं। परिजनों का आरोप है कि गंभीर चोटों के कारण उसके गुप्तांग से भी अत्यधिक रक्तस्राव हुआ। घटना में कुल पांच लोग घायल हुए। ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कैंपियरगंज ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। पीड़ित परिवार की तहरीर पर कैंपियरगंज थाने में मुकदमा संख्या 295/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इधर, इलाज के दौरान मनोज की मौत हो गई, जिसकी सूचना परिजनों ने विवेचक को दे दी है। परिजनों का आरोप है कि अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के संबंध में अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है और पूछताछ करने पर विवेचक टालमटोल कर रहे हैं। पीड़ित परिवार का कहना है कि वे भय और दहशत के माहौल में जी रहे हैं। उन्होंने प्रेस वार्ता के माध्यम से प्रशासन से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए शेष आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए तथा उन्हें न्याय और सुरक्षा प्रदान की जाए।








