जमीन बेचने पर विवाद, सेमरहवा बाजार में विकलांग राममूरत से मारपीट, मोबाइल तोड़ा

मुख्यमंत्री के शहर में विकलांग तहरीर लेकर थाने का लगा रहा चक्कर।
पूर्वा टाइम्स -बेचन शर्मा
सहजनवा गोरखपुर। गीडा थाना क्षेत्र में जमीन बेचने को लेकर चले आ रहे विवाद ने 20 जून 2026 को हिंसक रूप ले लिया। थाना गीडा क्षेत्र के ग्राम सभा भरसाड़ निवासी विकलांग राममूरत पुत्र स्व0 रामसमुझ ने पट्टीदारों पर सेमरहवा बाबा बाजार में मारपीट, गाली-गलौज और मोबाइल तोड़ने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है।
विकलांग राममूरत ने प्रार्थना पत्र में बताया कि उन्होंने अपने हिस्से की जमीन बेच दी थी। इसी बात को लेकर पट्टीदार लगातार उन्हें गाली-गलौज करते थे। 20 जून 2026 को रात करीब 7 बजे वह सेमरहवा बाबा बाजार की तरफ गए थे। वहां पहले से मौजूद विन्द्रावती देवी पत्नी स्व0 लौहर, सोनम पुत्री स्व0 लौहर और कमलावती देवी पत्नी नारद ने उन्हें देखते ही अपशब्द कहने शुरू कर दिए।
विकलांग राममूरत के विरोध करने पर तीनों महिलाएं झगड़ने लगीं। इसी दौरान विन्द्रावती देवी ने अपने बेटे सोमनाथ को फोन कर बुला लिया। आरोप है कि सोमनाथ आते ही राममूरत को गाली देने लगा और लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान राममूरत का मोबाइल फोन छीनकर पटक दिया गया और वह क्षतिग्रस्त हो गया। बीच-बचाव करने आए लोगों के सामने ही आरोपी उन्हें खसियाते हुए ले जाने लगे और जान से मारने की धमकी दी।
राममूरत ने थाना प्रभारी गीडा से प्रार्थना की है कि तहरीर पर विचार करते हुए दोषियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटना न दोहराई जाए।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी का कहना है कि दोनों पक्षों से पूछताछ की जाएगी और साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।








