मंगेश यादव एनकाउंटर केस में मायावती का बयान,सपा को याद दिलाया माफिया राज

पूर्वा टाइम्स समाचार

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में एक लाख के इनामी बदमाश मंगेश यादव के एनकाउंटर को लेकर बवाल मचा हुआ है।इस एनकाउंटर को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सवाल उठाए,जिस पर पलटवार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया।इस बीच सोमवार को बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने भाजपा और सपा दोनों पर निशाना साधा है।मायावती ने सपा को उसकी सरकार में माफिया राज की भी याद दिलाई है।

बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती ने कहा कि यूपी के सुलतानपुर जिले में एनकाउन्टर की घटना के बाद से बीजेपी व सपा में कानून-व्यवस्था को लेकर आरोप-प्रत्यारोप लगाये जा रहे हैं तथा अपराध, अपराधी व जाति के नाम पर जबरदस्ती की राजनीति की जा रही है। जबकि इस मामले में ये दोनों चोर-चोर मौसेरे भाई जैसे हैं।

चोर-चोर मौसेरे भाई-मायावती

बसपा सुप्रीमो मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सोमवार को पोस्ट करते हुए कहा‌ कि यूपी के सुल्तानपुर जिले में एनकाउंटर की घटना के बाद से बीजेपी और सपा में कानून-व्यवस्था को लेकर आरोप-प्रत्यारोप लगाए जा रहे हैं। अपराध,अपराधी व जाति के नाम पर जबरदस्ती की राजनीति की जा रही है, जबकि इस मामले में ये दोनों चोर-चोर मौसेरे भाई जैसे हैं।

सपा के माफिया राज का जिक्र

बसपा सुप्रीमो मायावती ने कहा कि बीजेपी की तरह सपा सरकार में भी तो कई गुणा ज्यादा कानून-व्यवस्था का बुरा हाल था।दलितों, अन्य पिछडे़ वर्गों,गरीबों व व्यापारियों आदि को सपा के गुंडे, माफिया दिन-दहाड़े लूटते व मारते-पीटते थे, ये सब लोग भूले नहीं हैं।मायावती ने आगे कहा कि उत्तर प्रदेश में वास्तव में कानून द्वारा कानून का राज बसपा के शासन में ही रहा है।जाति व धर्म के भेदभाव के बिना लोगों को न्याय दिया गया।कोई फर्जी एनकाउंटर भी नहीं हुआ।बीजेपी और सपा के कानूनी राज के नाटक से सभी सजग रहें।

अखिलेश ने लगाए ये आरोप

सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने एक के इनामी बदमाश मंगेश यादव एनकाउंटर पर सवाल उठाते हुए कहा था कि लगता है सुल्तानपुर की डकैती में शामिल लोगों से सत्ता पक्ष का गहरा संपर्क था इसीलिए तो नकली एनकाउंटर से पहले मुख्य आरोपी से संपर्क साधकर सरेंडर करा दिया।अन्य सपक्षीय लोगों के पैरों पर सिर्फ दिखावटी गोली मारी गई और जात देखकर जान ली गई। अखिलेश यादव के आरोप पर पलटवार करते हुए सीएम योगी ने कहा कि पुलिस एनकाउंटर में जब कोई डकैत मारा जा रहा है तो समाजवादी पार्टी को बुरा लग रहा है।

डेढ़ करोड़ की डकैती सीसीटीवी में हुई कैद

यूपी एसटीएफ ने 5 सितंबर को मंगेश यादव को एनकाउंटर मार गिराया। मंगेश के ऊपर एक लाख रुपए का इनाम घोषित था।मंगेश पर आरोप था कि उसने सुल्तानपुर शहर के ठठेरी बाजार में भरत जी सोनी ज्वैलर्स के यहां डकैती डाली,जिसमें उसके साथ चार और लोग शामिल थे। ये डकैती 28 अगस्त को डाली गई थी, जिसमें डेढ़ करोड़ की ज्वेलरी लूट ली थी। ये पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई थी।इस दौरान पुलिस ने आरोपी मंगेश को एनकाउंटर में ढेर कर दिया और तीन अन्य डकैतों के पैर में गोली लगी।

मजिस्ट्रियल जांच होगी

सुल्तानपुर एनकाउंटर मामले की मजिस्ट्रियल जांच कराई जाएगी।सुल्तानपुर डीएम कृतिका ज्योत्सना ने इस घटना की मजस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं।इस मामले की जांच एसडीएम लंभुआ को सौंपी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *